भ्रष्टाचार का पैसा किसकी जेब में जा रहा : फडणवीस

पाली में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल हुए महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री

पाली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस मंगलवार को भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने जनसभा में राजस्थान की अशोक गहलोत पर जोरदार हमला बोला और कहा कि गहलोत ने इस राज्य को भ्रष्टाचार, रेप और गैंगवार में नंबर वन बना दिया है। उन्होंने पूछा कि गहलोत जी बताएं, आपके राज में हो रहे भ्रष्टाचार का पैसा किसकी जेब में जा रहा है?

फडणवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान को पहले नंबर पर तो लाए, लेकिन बलात्कार, भ्रष्टाचार, गैंगवार, दुराचार और अत्याचार में लेकर आए। भ्रष्टाचार के खिलाफ काम करने वाली एक संस्था के सर्वे में बताया गया है कि राजस्थान पिछले चार सालों से भ्रष्टाचार में पहले नंबर पर है। जल जीवन मिशन में करोड़ों का भ्रष्टाचार हो रहा है। मैं गहलोत जी से पूछता चाहता हूं कि आप बताएं कि ये पैसा किसकी जेब में जा रहा है, लेकिन आप नहीं बताएंगे, क्योंकि यह पैसा आपके अमचों-चमचों के जेब मे जा रहा है।

फडणवीस ने कहा कि राजस्थान में महिला अत्याचार बढ़ गए। महाराणा प्रताप की धरती पर इस प्रकार की बातें देखने को मिल रही हैं, जो प्रदेश को शर्मशार कर रही है। इसलिए इसे बदला ही होगा। अब सरकार वही चलेगी, जो मोदी जी के साथ काम करेगी। तभी विकास होगा। यदि राजस्थान में भाजपा सरकार होती तो गजेन्द्र सिंह शेखावत द्वारा जल जीवन मिशन में दिए गए 30 हजार करोड़ का उपयोग होता और घर-घर पानी पहुंच चुका होता, लेकिन यह पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। अब जनता परिवर्तन करेगी। मोदी जी के साथ चलने वाली सरकार फिर से आएगी। फिर राजस्थान की गति को कोई रोक नहीं सकता।

पूरा पैसा गरीब की जेब में जाता है
फडणवीस ने कहा कि हमें केवल कुर्सी और मुख्यमंत्री ही नहीं बदलना, हमें आम आदमी के जीवन में परिवर्तन लाना है। अब हम एक बदले हुए भारत की तस्वीर हम देख रहे हैं। एक समय था, जब राजीव गांधी कहते थे, मैं एक रुपया दिल्ली से भेजता हूं, 85 पैसे व्यवस्था खा जाती है, लेकिन जब मोदी जी प्रधानमंत्री बने तो पहला नारा दिया, न खाउंगा ओर न ही खाने दूंगा। ऐसी व्यवस्था मोदी जी ने बनाई कि आज मोदी जी एक बटन दबाते में तो किसानों, गरीबों, महिलाओं और मजदूरों के खाते में सीधे पैसे आते हैं। कोई एक पैसा खा नहीं सकता। इसी का नतीजा है कि 14 करोड़ लोग गरीबी के रेखा से बाहर आ गए। ये हम नहीं कर रहे, संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट कहती है।

भारत पांचवीं अर्थव्यवस्था बना
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा भी वक्त था, जब यही संयुक्त राष्ट्र वाले पहले हम पर तंज कसते थे। कहते थे, ये गरीबों का देश है। इस देश में कुछ नहीं होता। आज उसी संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा कि सदी का सबसे बड़ा चमत्कार कोई होगा तो वो भारत में गरीबी में तेजी से कम होना है। ये चमत्कार करने वाले मोदी जी है। इसलिए आज एक परिवर्तन हमको देश में दिखाई पड़ता है। इसी का नतीजा है कि आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना। जो ब्रिटेन देश भारत को लूट-लूटकर अमीर बना। उन अंग्रेजों से भी आगे हमारी अर्थव्यवस्था हो गई।

मोदी जी ने तैयार किया मजबूत भारत
फडणवीस ने कहा कि भारत की प्रतिष्ठा देश-विदेश में बढ़ी है। आपने ऐसा चित्र पहले नहीं देखा होगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी जी आगे चल रहे हैं और दुनिया के दूसरे प्रधानमंत्री उनके पीछे लाइन लगाकर चल रहे हैं। कोई कहता है आप बॉस हैं। कोई मोदी जी के पैर छूता है। यह सम्मान मोदी जी का नहीं, देश का सम्मान है। आज एक मजबूत भारत मोदी जी ने तैयार किया, जिसकी तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता।

राहुल गांधी बाहर जाकर देश की निंदा करते हैं
फडणवीस ने राहुल गांधी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया भारत की बात करती है, ऐसे समय में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत की निंदा करते हैं। वे चीन की प्रशंसा और भारत की आलोचना करते हैं। एक समय ऐसा भी था, जब नरसिम्हा राव जी ने संयुक्त राष्ट्र में भाषण देने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी को भेजा। वाजपेयी जी संयुक्त राष्ट्र में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पाकिस्तान को परास्त करके आए। एक तरफ ये राहुल गांधी हैं, जो बाहर जाकर भारत को बदनाम करने की कोशिश करते थे।

सनातन के अपमान पर कांग्रेस नेताओं के मुंह में दही क्यों जमा
उन्होंने कहा कि देश में सनातन को समाप्त करने का संयोग नहीं, प्रयोग हो रहा है। तमिलनाडु में मंत्री उदयनिधि कहता है, सनातन को समाप्त कर देना चाहिए, कर्नाटक में प्रियंक खरगे भी इसका साथ देता है। यूपी में भी एक नेता सनातन को समाप्त करने की बात कहता है। मैं कहना चाहता हूं कि सनातन समाप्त नहीं होगा, लेकिन इनकी राजनीति अवश्य समाप्त हो जाएगी। आज ये निर्णय करने की आवश्यकता है कि यदि इस तरह आज देश में सनातन संस्कृति का अपमान किया जाएगा, उसे समाप्त करने की बात कही जाएगी तो यह देश के 110 करोड़ लोगों का अपमान है। मैं कांग्रेस नेताओं और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पूछता चाहता हूं कि सनातन का अपमान करने वाले नेताओं के खिलाफ बोलने में आपके मुंह में दही क्यों जम जाता है। गहलोत जी में इसकी निंदा करने की हिम्मत नहीं है, क्योंकि वे कुर्सी के लिए राजनीति करते हैं, लेकिन हम कुर्सी के लिए राजनीति करने वाली पार्टी नहीं है, हम देश के लिए राजनीति करने वाली पार्टी हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button