100 की स्पीड से दौड़ी बाड़मेर-गडरा रोड़ रेल मार्ग पर इलेक्ट्रिक स्पेशल ट्रेन
-दोनो स्टेशनों के बीच 80.71 रूट किमी रेल मार्ग के विद्युतीकरण का कार्य पूरा
-प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर ने किया बारीकी से निरीक्षण
जोधपुर। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने बाड़मेर से गडरा रोड़ रेलवे स्टेशनों के बीच रेल विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के पश्चात सोमवार को इस मार्ग पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से इलेक्ट्रिक स्पेशल ट्रेन से रन ट्रायल करने में सफलता हासिल की है ।
इसके साथ दिसंबर- 2023 तक संपूर्ण विद्युतीकरण की दिशा में जोधपुर मंडल ने एक कदम और आगे बढ़ाते हुए कुल 1626 में से अब तक 979 किलोमीटर रेलखंड का विद्युतीकरण पूरा करवा लिया है।
उत्तर- पश्चिम रेलवे जोन के प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर राजेश मोहन ने अपर मंडल रेल प्रबंधक ओपी मनोज जैन के साथ इलेक्ट्रिक स्पेशल ट्रेन में बाड़मेर से गडरा रोड़ स्टेशनों के बीच इलेक्ट्रिक स्पेशल ट्रेन 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाकर सफल रन ट्रायल किया ।
इस दौरान राजेश मोहन पीसीईई जोधपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाड़मेर स्टेशन से गड़रा रोड स्टेशन के मध्य स्थित एलसी गेट नं 328- ए एवं एलसी गेट नं. 334 तथा जसाई स्टेशन के पावर स्टेशन, भाचभर एवं गड़रा रोड स्टेशन पर पावर सब स्टेशन, बाड़मेर स्टेशन, भाचभर स्टेशन एवं गड़रा रोड स्टेशन का निरीक्षण किया। बाड़मेर-जसाई स्टेशन के मध्य स्थित 132 केवी ओवर हेड लाइन का ट्रेक क्रोसिंग का निरीक्षण किया। जसाई स्विच स्टेशन के साथ आगे स्थित ब्रिज नं. 68 एवं बाड़मेर स्टेशन पर ओएचई डिपो, क्वार्टर एवं यार्ड का निरीक्षण के साथ ही गड़रा रोड स्टेशन पर ट्रेक्शन सब स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण व रन ट्रायल के दौरान प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर राजेश मोहन मुख्य परियोजना निदेशक, रेल विद्युतीकरण जयपुर राजेश कुलहरि, अपर मंडल रेल प्रबंधक ओपी मनोज जैन के साथ मुख्य बिजली इंजीनियर (कर्षण) जगदीश चौधरी, वरिष्ठ बिजली इंजीनियर(कर्षण) प्रवीण चौधरी, वरिष्ठ बिजली इंजीनियर विजय चौधरी, मुख्य इंजी (सीएसपी) ओपी मीणा, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर बाड़मेर- गड़रा रोड प्रोजेक्ट इंचार्ज, जितेन्द्र कटारिया, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर (मुख्यालय) एल डी गौतम, उप मुख्य इंजीनियर(सिविल) गजराज जैन, उप मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर विक्रम सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में अधिकारीगण उपस्थित थे।