निर्वाचन से संबंधित कार्यों का बेहतर संपादन करें : गुप्ता

विधानसभा चुनाव, 2023 से संबंधित अनुभागों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक,

जोधपुर। आगामी विधानसभा चुनाव, 2023 के दौरान की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की प्रभावी निगरानी के लिए जिलास्तर पर नियुक्त समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक मंगलवार शाम जिला निर्वाचन अधिकारी(जिला कलक्टर) श्री हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में डीआरडीए हॉल में हुई। इसमें निर्वाचन गतिविधियों के लिए नियुक्त सभी 27 प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) श्री गुप्ता ने सभी प्रभारी अधिकारियों को विधानसभा निर्वाचन से संबंधित प्रकोष्ठों से संबंधित दायित्वों को समय पर तथा पूरी गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए और कहा कि निर्वाचन से संबंधित तमाम प्रकार की निर्देशित तैयारियों के बारे में निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशों के अनुसार पूर्ण करें।
उन्होंने निर्वाचन से संबंधित समस्त अनुभागों को सौंपे गए कार्यों को तत्काल प्रभाव से आरंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन से संबंधित दायित्वों के लिए अनुभाग से संबंधित अधिकारी उत्तरदायी होंगे। श्री गुप्ता ने सभी प्रकोष्ठों के मध्य पारस्परिक संवाद एवं समन्वय पर जोर देते हुए चुनाव कार्य को पूर्ण निष्ठा एवं लगन से संपादित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रभारी अधिकारियों से कहा कि अनुभागों में कार्य करने के लिए प्रतिनियुक्त किए जाने वाले कर्मचारियों की सूची एम्प्लाई आईडी सहित जिला निर्वाचन कार्यालय को भिजवाएं ताकि समय रहते इनके आदेश जारी किए जा सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्वाचन से संबंधित आगामी गतिविधियों एवं कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और अपने-अपने अनुभाग के बेहतर संचालन के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी(अपर जिला कलक्टर-प्रथम) श्री जयनारायण मीना ने प्रकोष्ठों से संबंधित कार्यकलापों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और करणीय कार्यों के बारे में प्रकोष्ठ के स्तर पर सभी प्रकार की जरूरी कार्यवाही में जुटने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अभिषेक सुराणा,जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त श्री देवेन्द्र कुमार,नगर निगम आयुक्त श्री उत्सव कौशल एवं श्री अतुल प्रकाश सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे ।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button