एब्सोल्यूट स्कूल इन्टीग्रेटेड प्रोग्राम शुरू
11वीं साइन्स के विद्यार्थियों को दो वर्षीय कोर्स में स्कूली पाठ्यक्रम के साथ
कुट्टीज एकेडमी पूणे के विषय विशेषज्ञों से नीट, इंजीनियरिंग व एनडीए जैसी परीक्षाओं की तैयारी
जोधपुर । कुट्टीज एकेडमी पूणे एवं मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में 11वीं साइन्स के छात्र-छात्राओं के लिए ‘स्कूल इन्टीग्रेटेड प्रोग्राम‘ की कमला नेहरू नगर स्थित मौलाना आज़ाद कैम्पस में शुरूआत हुई।
सोसायटी के उपाध्यक्ष एवं सीईओ मोहम्मद अतीक ने बताया कि इस दो वर्षीय कार्यक्रम के तहत 11वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बहुत ही कम फीस पर स्कूली पाठ्यक्रम के साथ प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट, जेईई, एनडीए, मिलिट्री नर्सिंग सर्विसेज, ऐरोनोटिकल इंजीनियरिंग, मरीन इंजीनियरिंग आदि की सम्पूर्ण तैयारी पूणे के कुट्टीज एकेडमी के विषय विशेषज्ञों की टीम की ओर से कराई जायेगी।
उन्होंने कहा कि स्कूलिंग, कोचिंग, करियर गाइडेंस व विशेषज्ञ परामर्श एक ही स्थान पर होने से स्टूडेन्ट्स का समय बचेगा। जिससे वे अधिक समय तक सेल्फ स्टडी कर सकेंगे।
सोसायटी के महासचिव निसार अहमद खिलजी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सोसायटी इस कार्यक्रम को भविष्य में बडे़ स्तर पर आयोजित करेगी ताकि इसमें ज्यादा बच्चे-बच्चियों को समावेशित किया जा सके।
कुट्टीज एकेडमी की विशेष प्रतिनिधि, चाइल्ड साइक्लोजिस्ट एवं काउंसलर ऐंजिला मैथ्यू ने प्रोग्राम के क्रियान्वयन का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
सूरसागर विधानसभा प्रत्याशी एवं शिक्षाविद् प्रोफेसर अय्यूब खां ने बतौर मुख्य अतिथि सोसायटी के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि ये वक्त की अहम जरूरत है कि विद्यार्थी विषयों को गहनता के साथ अध्ययन करें ताकि भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग जैसे अत्याधुनिक तकनीक के साथ सामंजस्य बैठाते हुए वे अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सकें। नेता प्रतिपक्ष गणपत सिंह चौहान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सोसायटी हर स्तर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की ओर निरन्तर अग्रसर है जिसके लिए क्वालिटी टीचर्स की भी व्यवस्था की जायेगी।
सोसायटी सदस्य मोहम्मद साबिर ने कहा कि वक्त के साथ बदलाव जरूरी है इसलिए बच्चों को जिन्दगी में तरक्की करने के लिए बदलाव अपनाना पडे़गा। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद मुस्लिम सीनियर सैकेण्डरी स्कूल प्रिंसीपल इंतिखाब आलम एवं फिरोज खान कैम्पस सीनियर प्रिंसीपल शबाना टाक ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए सफलता का मूलमंत्र ‘एकाग्रता के साथ कड़ी मेहनत‘ को बताया।
प्रोग्राम डायरेक्टर मोहम्मद अमीन ने सफल संचालन करते हुए कहा कि कार्यक्रम में पूणे की कुट्टीज एकेडमी के इंजीनियर अंकित कुमार, इंजीनियर विश्वनाथप्रताप, सोसायटी से जुड़े शिक्षक इमरान युनूस, मोहसिन खान, शिल्पी व्यास, तस्लीम अंसारी, सुमेरा खान, अमन व शालिक सहित कक्षा 11वीं साइन्स के स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।