जोधपुर रेल मंडल पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न
जोधपुर। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की जोधपुर, क्रमांक -1 की बैठक जोधपुर रेल मंडल के सभागार कक्ष में शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केन्द्रीय सरकार के कार्यालय, केन्द्रीय सरकार के निगमों, उपक्रमों के प्रमुखों ने भाग लिया।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी, मनोज जैन ने अध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक व मुख्य आयकर आयुक्त सहित सभी सम्मानित सदस्यों का स्वागत किया अध्यक्ष ने संघ की राजभाषा नीति के बारे में बताया तथा सभी से अनुपालन का आह्वान किया।
बैठक में डीआरएम ने संघ की राजभाषा नीति सम्बंधित अनुच्छेदों के बारे में विस्तार से बताया तथा कहा कि सभी सदस्य कार्यालय अनुपालन सुनिश्चित करें। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में हो रही प्रगति को आगे बढ़ाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। जिस पर केंद्रीय सरकार के कार्यालयो से आए प्रमुखों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस क्रम में डीआरएम ने राजभाषा विभाग द्वारा वर्ष 2023 का 17 वां अंक सूर्योदय वार्षिक हिंदी पत्रिका जारी किया गया। डीआरएम ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में नराकास जोधपुर के सभी सदस्य कार्यालय अपने कार्य निष्पादन में भारत सरकार के दिशा निर्देशानुसार राजभाषा के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। राजभाषा नीति, नियम एवं अधिनियमों का कार्यान्वयन हम सबका सामूहिक प्रयास है जिसे अपने अपने कार्यालय में लागू करवाना हम सबका संवैधानिक दायित्व है। केंद्र सरकार के कार्यालयों, निगमों व उपक्रमों आदि में हिंदी का प्रचार-प्रसार बहुत तेजी से बढ़ा है। आगे भी सभी सदस्य कार्यालय राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार के लिए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के प्रयास करते रहेंगे।
राजभाषा अधिकारी व सचिव ने कार्यसूची की सभी मदों पर विस्तार से चर्चा की तथा राजभाषा हिंदी का प्रयोग प्रसार बढ़ाने का आग्रह किया बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज जैन राजभाषा अधिकारी शिवचरण बेरवा और वरिष्ठ अधिकारी सहित नगर के केंद्रीय प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित थे। बाद में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।