जोधपुर मंडल पर बेटिकट 24 हजार यात्रियों से 1 करोड़ रुपए की वसूली

-कचरा फैलाने पर 1135 यात्रियों से वसूला जुर्माना

-ट्रेन में धूम्रपान के 66 मामले भी हैं शामिल

-टिकट चेकिंग मद से लगातार दूसरे माह एक करोड़ से भी अधिक की वसूली

जोधपुर। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर टिकट चेकिंग स्टाफ ने टिकट चेकिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिना टिकट यात्रियों से लगातार दूसरे माह भी एक करोड़ से भी अधिक राजस्व वसूल करने में सफलता अर्जित की है। इससे पहले मई में भी जोधपुर मंडल पर बेटिकट यात्रियों से रेलवे ने एक करोड़ दस लाख रुपए का राजस्व वसूल किया था।
सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि डीआरएम पंकज कुमार सिंह के निर्देशानुसार जोधपुर मंडल पर चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान के दौरान जून में बिना टिकट, अनियमित यात्रा,बिना बुक सामान के साथ यात्रा सहित कुल 24 हजार 308 मामले पकड़े गए जिनसे रेलवे ने एक करोड़ 5 लाख 73 हजार 121 रुपए का उल्लेखनीय राजस्व वसूल किया है ।
उन्होंने बताया कि टिकट चेकिंग स्टाफ को अलग – अलग समूह बनाकर विभिन्न रेल खंडों में सघन टिकट जांच के लिए भेजा गया व ट्रेनों में औचक जांच की गई।इसके अतिरिक्त जोधपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर भी सघन टिकट जांच की गई थी।खेड़ा ने बताया कि मई व जून में ग्रीष्मकालीन अवकाश होने के कारण रेलवे को ट्रेनों में आशानुरूप ज्यादा ट्रैफिक मिला।
बिना टिकट व अनियमित यात्रा के 23 हजार से भी अधिक मामले
जोधपुर मंडल पर जून में टिकट जांच के दौरान बिना टिकट पाए गए 15 हजार 538 मामलों से किराया व जुर्माना सहित 68.33 लाख,अनियमित यात्रा के साढ़े सात हजार मामलों से 36.94 लाख व बिना बुक लगेज के 11 मामलों से 9 हजार 500 रुपए वसूल किए गए।
गंदगी फैलाते 1135 यात्री भी पकड़े
जोधपुर मंडल पर सघन टिकट जांच अभियान के दौरान ट्रेनों व प्लेटफॉर्म पर कचरा फैलाने पर 1135 यात्रियों से रेलवे ने 1.47 लाख रुपए तथा धूम्रपान करते पकड़े जाने पर 66 यात्रियों से 13 हजार 300 रुपए का जुर्माना वसूला।
सभी रेल खंडों पर की सघन टिकट चेकिंग
अभियान के दौरान मंडल के लूणी, समदड़ी,भीलड़ी, बाड़मेर,पाली,फलोदी, जैसलमेर,मेड़ता रोड,नागौर,बीकानेर, डेगाना,रतनगढ़ व फुलेरा सेक्शन में टिकट चेकिंग की गई जिससे उल्लेखनीय राजस्व वसूल करने में सफलता मिली।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button