वन्दे भारत एक्सप्रेस जोधपुर से साबरमती रफ्तार से दौड़ी
-निर्धारित समय से 10 मिनट पहले पहुंची साबरमती
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। राजस्थान की दूसरी और जोधपुर की पहली वंदे भारत ट्रेन का नियमित संचालन उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर से साबरमती (अहमदाबाद) रेलवे स्टेशनों के बीच रविवार को सुबह 5.55 जोधपुर पर से नियमित संचालन आरंभ हो गया।
पहले दिन की खासियत रही कि ट्रेन साबरमती रेलवे स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से दस मिनट पहले ही पहुंच गई।
डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जोधपुर से नई रेल सेवा 12461/12462 जोधपुर-साबरमती-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का रविवार से नियमित रूप से संचालन आरंभ कर दिया गया। उन्होंने बताया कि वंदे भारत सप्ताह में छह दिन संचालित होगी तथा प्रत्येक मंगलवार को यह मेंटिनेंस के कारण यह नहीं चलेगी।
उन्होंने बताया कि ट्रेन संचालन के पहले ही दिन यात्रियों में खासा उत्साह देखा गया तथा ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों की ऑक्यूपेंसी जोधपुर से साबरमती जाने में दोनों श्रेणियों में करीब 62 प्रतिशत रही तथा वापसी में साबरमती से जोधपुर के बीच ऑक्यूपेंसी लगभग 50 प्रतिशत रही। उन्होंने आने वाले दिनों में वंदे भारत ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में धीरे-धीरे वृध्दि की उम्मीद जताई।
डीआरएम ने बताया कि ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सभी मूलभूत सुविधाओं की निरंतर मोनिटरिंग की जा रही है तथा ट्रेन में नियमित रूप से साफ – सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है इसके लिए ऑन बोर्ड हाउस कीपिंग स्टाफ तैनात किया गया है। जबकि सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे सुरक्षा बल के तैनात दस्ते में 1 एएसआई ,1 हेडकांस्टेबल व 2 लेडीज कांस्टेबल शामिल हैं
सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा के अनुसार वंदे भारत ट्रेन को जोधपुर से नियमित संचालन के पहले दिन एक नंबर प्लेटफॉर्म से चलाकर यात्रियों को सुविधा प्रदान की गई। खेड़ा ने बताया कि ट्रेन पहले दिन जोधपुर से अपने निर्धारित समय सुबह ठीक 5.55 बजे साबरमती के लिए रवाना हो गई तथा 11.55 बजे साबरमती पहुंच गई जबकि इसका निर्धारित समय 12.05 का है।
पहले दिन सवार हुए 333 यात्री : वंदे भारत ट्रेन की चेयरकार(सीसी) और एग्जीक्यूटिव कार(ईसी) में जोधपुर से साबरमती के बीच 333 यात्रियों ने यात्रा की जिसमें के करीब 32 यात्रियों ने चार्टिंग के बाद अपनी बुकिंग करवाई। वापसी में साबरमती से जोधपुर के बीच फाइनल चार्ट में 248 यात्रियों ने अपनी टिकट बुक करवाई जिसमें मार्ग के स्टेशनों की करंट बुकिंग अलग है।
किन स्टेशनों से चढ़े कितने यात्री : जोधपुर से चली वंदे भारत ट्रेन में रविवार को पहले दिन जोधपुर से 186,पाली मारवाड़ से 47,फालना से 19,आबूरोड से 56,पालनपुर से 24 व मेहसाणा से 1 यात्री ने यात्रा की।
खानपान की खास व्यवस्था : ट्रेन में यात्रियों को राजधानी व शताब्दी ट्रेनों की तरह सफर के रास्ते में ऑप्शन केटरिंग सर्विस के तहत चाय,कॉफी,नाश्ता, लंच व डिनर की भी सुविधा मिल रही है। रेलवे बोर्ड ने ऑप्शन केटरिंग सर्विस के अंतर्गत मिलने वाली खानपान सुविधा की दर का निर्धारण किया है। यात्री को खानपान की सामग्री प्राप्त करने के लिए किराया के साथ सामग्री का निर्धारित मूल्य भी देना होगा।
स्पेशल ड्रेस कोड में नजर आए टीटीई : ट्रेन के जोधपुर से रवानगी के पहले दिन टिकट चेकिंग स्टाफ विशेष ड्रेस कोड में नजर आया जिससे दूर से ही उनके वंदे भारत के टीटीई होने की पहचान सुनिश्चित हो रही थीं। नई व अनूठी ट्रेन में नई ड्रेस कोड में टीटीई सुनील त्यागी,धर्मेश जोशी व नीतीश गहलोत नए अनुभव से काफी खुश थे। इसके अतिरिक्त ट्रेन में मैकेनिक,इलेक्ट्रिशियन और वेंडर्स की पर्याप्त तैनाती है।
डीआरएम ने बताया कि देश में निर्मित पूर्ण रूप से स्वदेशी वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर रेल यात्रियों में खासा उत्साह नजर आया और पूरी उम्मीद है कि भारतीय रेलवे का यह नवाचार उन्हें काफी सुविधाजनक लगेगा और पसंद आएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा ने वंदे भारत ट्रेन के परिचालन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पूर्ण रूपेण वातानुकूलित वंदे भारत ट्रेन में यात्रा करने के यात्रियों का आरक्षण करवाना अनिवार्य होगा तथा इसमें आईआरसीटीसी की ओर से खानपान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा इस सेवा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को निर्धारित अतिरिक्त भुगतान करना होगा।
जोधपुर-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस यह रहा टाईम शिड्यूल :
ट्रेन संख्या-12461 जोधपुर जंक्शन से 05.55 बजे अपनी यात्रा शुरू की और 06.45 बजे पाली मारवाड़ पहुँची और 06.47 बजे प्रस्थान करे, यह 07.50 बजे फालना पहुँची और 07.52 बजे प्रस्थान कर, 09.05 बजे आबू रोड पहुँची और 09.10 बजे प्रस्थान कर, पालनपुर जंक्शन पहुँची। 10.04 बजे और 10.06 बजे प्रस्थान कर, 10.49 बजे महेसाणा जंक्शन पहुँची और 10.51 बजे प्रस्थान कर और 11.55 बजे साबरमती स्टेशन पहुँची। वहीं साबरमती से यह ट्रेन वापसी में शाम 4.45 बजे रवाना होकर रात्रि 10.55 बजे जोधपुर पहुंच जाएगी। यह ट्रेन जोधपुर से साबरमती के बीच पांच रेलवे स्टेशनों पर ठहराव किया। ट्रेन आवागमन में पाली, फालना, आबूरोड, पालनपुर व मेहसाणा रेलवे स्टेशनों पर ठहराव किया।
आमजनों को रेलवे ने किया आगाह : रेल प्रशासन ने वंदे भारत ट्रेन के संचालन मार्ग जोधपुर से साबरमती के बीच आमजनों को आगाह किया है कि वे ट्रेन के आवागमन के समय रेल मार्ग और रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर पूरी सतर्कता बरतें। ट्रेन की गति व कम स्टॉपेज को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल भी ट्रेन के संचालन मार्ग के आसपास रहने वाले आम लोगों को जागरूक कर रहा है।