नवआरक्षियों का दीक्षांत समारोह आयोजित
जोधपुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जोधपुर में स्थित नवआरक्षी प्रशिक्षण केन्द्र में आज केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 69 नवआरक्षियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 11 महिला नवआरक्षी भी शामिल थी। 44 सप्ताह तक चलने वाले नवआरक्षियों के बुनियादी प्रशिक्षण की शुरूआत 8 अगस्त 2022 को हुई थी। इस अवधि में नवआरक्षियों को शारीरिक दक्षता, विभिन्न हथियारों की सिखलाई व परिचालनिक क्षेत्र में काम आनेवाले विभिन्न विषयों का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल नवआरक्षी प्रशिक्षण केन्द्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक व प्राचार्य श्री अशोक स्वामी ने की। उन्होंने नवआरक्षियों को उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए प्रशिक्षण के महत्व और उपयोगिता के बारे में बताया। दीक्षांत समारोह के अवसर पर नवआरक्षी प्रशिक्षण केन्द्र के मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी श्री हरिन्दर कुमार, कमाण्डेंट द्वारा राष्ट्रीय ध्वज और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ध्वज के सम्मुख नवआरक्षियों को भारतीय संविधान के प्रति कर्त्तव्य निष्ठा एवं देश की एकता व अखण्डता को कायम रखने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नवआरक्षी प्रशिक्षण केन्द्र के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं प्रशिक्षण स्टाफ के साथ-साथ नवआरक्षियों के परिवार जन भी मौजूद रहे।