पुष्करणा सोसायटी की ओर से भाविका का सम्मान आज

-पुष्करणा समाज की पहली आई ए एस चयनित महिला

जोधपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा में 100 वीं रैंक प्राप्त पुष्करणा समाज की पहली महिला सुश्री भाविका थानवी का शुक्रवार को जोधपुर में पुष्करणा समाज की ओर से सम्मान किया जाएगा। 

 पुष्करणा सृजन सोसायटी व पुष्करणा चिंतन के तत्वावधान में यहां प्रतापनगर स्थित महिला पी जी महाविद्यालय सभागार में शाम साढ़े पांच होने वाले सम्मान समारोह में सुश्री भाविका थानवी के साथ पुष्करणा समाज के विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रतिशतांक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। 

सोसायटी के अध्यक्ष आनंद राज व्यास ने बताया कि विख्यात शायर व चिंतक शीन काफ निजाम के मुख्य आतिथ्य में होने वाले सम्मान समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद के महामंत्री अमरचंद पुरोहित करेंगे जबकि समाजसेवी उद्यमी राधेश्याम रंगा व राजस्थान विकास संस्थान के चेयरमैन मनीष व्यास बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह में जोधपुर मूल की पुष्करणा महिला सुश्री भाविका थानवी को भारतीय प्रशासनिक सेवा की परीक्षा में 100 वीं रैंक प्राप्त कर चयनित होने पर अभिनंदन-पत्र  प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा । इस अवसर पर वह सिविल सेवाओं की तैयारियों में जुटे युवाओं का मार्गदर्शन करेंगी। इस अवसर पर उसके माता-पिता डॉ श्रीमती राधिका थानवी और डॉ विकास थानवी का भी स्वागत किया जाएगा।  व्यास ने बताया कि सम्मान समारोह में समाज की अन्य संस्थाएं भी सम्मिलित होंगी। 

संस्थान सचिव मनोज बोहरा ने बताया कि सम्मान समारोह में पुष्करणा समाज के विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रतिशतांक अर्जित करने वाले चालीस से भी अधिक चुनिंदा बालक-बालिकाओं का सुश्री भाविका थानवी द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button