मोदी सरकार का लक्ष्य है घर-घर जल और स्वच्छता : शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने तमिलनाडु में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान की समीक्षा की
चेन्नई। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को चेन्नई में तमिलनाडु में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान की प्रगति पर समीक्षात्मक बैठक की। शेखावत ने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य है घर-घर जल और स्वच्छता, लक्ष्य की ओर अग्रसर होते हुए दशा और दिशा दोनों का आकलन अनिवार्य है।
समीक्षात्मक बैठक में तमिलनाडु के मंत्री के.एन. नेहरु और के.आर. पेरियाकरप्पन तथा विभागीय उच्चाधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि तमिलनाडु में 1.25 करोड़ ग्रामीण घर हैं। 2019 में जब जल जीवन मिशन की शुरुआत हुई थी, तब यहां 21.76 लाख (17.42%) ग्रामीण घरों में नल कनेक्शन थे। तीन साल बाद इनकी संख्या बढ़कर 69.72 लाख (55.81%) हो गई है, यानी जल जीवन मिशन शुरू होने के बाद राज्य में 47.96 लाख नए कनेक्शन लगाए गए हैं। केंद्र सरकार का लक्ष्य 2024 तक सभी ग्रामीण घरों को नल कनेक्शन से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री स्टालिन से शिष्टाचार भेंट
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच चर्चा का मुख्य विषय राज्य में जल जीवन मिशन का कार्यान्वयन रहा। केंद्र और राज्य के बीच सामंजस्य के निरंतर विस्तार के संदर्भ में यह मुलाकात सकारात्मक रही।
भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई से मुलाकात
चेन्नई में केंद्रीय मंत्री शेखावत की भाजपा तमिलनाडु के अध्यक्ष के. अन्नामलाई से मुलाकात खास रही। शेखावत ने कहा कि अन्नामलाई का ऊर्जावान और जुझारू व्यक्तित्व प्रभावित करता है। तमिलनाडु और भाजपा के लिए वे भविष्योन्मुखी प्रगतिशील सोच के साथ काम कर रहे हैं।
भाजपा नेता के घर खाया खाना
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत ने चेन्नई प्रवास के दौरान भाजपा के वालाजापेट मंडल अध्यक्ष व दलित नेता बूपैथी के घर भोजन किया। शेखावत ने कहा कि घर का बना पारंपरिक खाना खाने जैसा कुछ नहीं है। उनके साथ राज्य में पार्टी सचिव विनोज और कांचीपुरम के कई भाजपा कार्यकर्ता भी थे।