संसार भर का मनचाहा ज्ञान बटन दबाते ही पा सकेंगे
प्रदेश सरकार की संवेदनशील पहल की बदौलत
जोधपुर। उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि एक दिन ऐसा भी आएगा जब पूरी दुनिया उनकी मुट्ठी में होगी और संसार भर का मनचाहा ज्ञान बटन दबाते ही वे तत्काल पा सकेंगे। यह सब संभव हो सका है प्रदेश सरकार की संवेदनशील पहल की बदौलत।
बात है जोधपुर के राजकीय अंध विद्यालय आगणवा की, जहाँ के नेत्रहीन छात्र स्मार्ट फोन पाकर गद्गद् हो उठे। खिले हुए चेहरों से बयां हो रही खुशी ने जता दिया कि स्मार्ट फोन पाकर विद्यार्थियों ने किस कदर अपार सुकून का अहसास किया। इससे इन नेत्रहीन विद्यार्थियों को शिक्षार्जन में सुविधा प्राप्त होगी। विशेषकर ऑनलाईन शिक्षण का पूरा-पूरा लाभ पा सकेंगे।
विद्यालय में बुधवार को समग्र शिक्षा परियोजना अधिकारी श्रीमती संतोष के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में इन नेत्रहीन छात्रों को स्मार्ट फोन प्रदान किए गए। स्मार्ट फोन पाने वाले सभी विद्यार्थियों ने इस पहल व सुविधा के लिए सरकार का आभार जताया और कहा कि नियति ने उनके साथ कहर ढाया मगर राजस्थान की सरकार ने उनका पूरा-पूरा ध्यान रखते हुए शिक्षा और सुविधाओं के साथ आगे बढ़ाते हुए अब स्मार्ट फोन का जो तोहफा दिया है वह जिन्दगी भर भूल नहीं पाएंगे।
समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाशचन्द खिची ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अंध विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। संचालन शारीरिक शिक्षक हापूराम चौधरी ने किया।
इस अवसर पर समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक महेन्द्रसिंह सोलंकी, भूपेन्द्रसिंह, भागीरथ, सुभाषसिंह आदि उपस्थित थे।