प्रदेश में आगामी चार दिनो में होगी तापमान में बढ़ोतरी
जोधपुर। जोधपुर शहर सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है।हालांकि धूप के साथ हल्के बादल बने हूए है। रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आगामी चार दिनों में एक बार फिर मौसम पलटी खायेगा। जिससे तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।
आगामी चार दिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद पाकिस्तान गुजरात से लगते हिस्से में एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से राज्य में अब पश्चिमी हवा का दबाव बढऩे से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान में बीते कई दिनों से चल रहा बारिश का दौर अब पूरी तरह से थम चुका है। प्रदेश में लगातार अच्छी बारिश के साथ ही अब धीरे-धीरे पश्चिमी राजस्थान में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पूर्वी की तुलना में पश्चिमी राजस्थान में औसत के मुकाबले अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग जयपुर केंद्र के मुताबिक अगले सप्ताह तक प्रदेश से पूरी तरह से मानसून की विदाई के आसार हैं। अब ज्यादातर जिलों में बारिश बंद हो गई है।
जयपुर मौसम केंद्र के प्रभारी आरएस शर्मा ने बताया कि बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में मौसम में ठंडक घुल गई है। तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।