जोधपुर डिस्कॉम अभियन्ताओं एवं कर्मचारियों को चेतावनी जारी

-तत्काल ड्यूटी पर उपस्थित होने के आदेश अन्यथा होगी कानूनी कार्यवाही

जोधपुर। जोधपुर डिस्कॉम प्रशासन की ओर से हड़ताल एवं प्रदर्शन में शामिल सभी कर्मचारियों एवं अभियन्ताओं से कहा गया है कि वे अविलम्ब अपनी ड्यूटी पर उपस्थित हों।

जोधपुर डिस्कॉम की सचिव (प्रशासन) डॉ. सुनीता पंकज ने यह आदेश देते हुए समस्त कर्मचारियों एवं अभियंताओं को आगाह किया है कि वे किसी भी प्रकार के प्रदर्शन व हड़ताल में सम्मलित नहीं हो तथा अविलम्ब अपनी ड्यूटी पर उपस्थित हों, अन्यथा उनके विरुद्ध राजस्थान अत्यावश्यक सेवाएं अनुरक्षण अधिनियम 1970 के तहत कानूनी कार्यवाही की जायेंगी। इसके साथ ही नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही भी प्रारम्भ कर दी जाएगी।

डिस्कॉम सचिव के अनुसार जोधपुर डिस्कॉम के अधीन पाली मुख्यालय पर 12 सितम्बर 2022 से अनिश्चतकालीन धरना एवं प्रदर्शन किया जा रहा है जिसमें जोधपुर डिस्कॉम के पाली वृत में कार्यरत अभियंतागण एवं तकनीकी कर्मचारी सम्मलित हो रहे हैं, जिससे वृत्त की सभी अत्यावश्यक सेवाऐं बाधित हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार की अधिसूचना द्वारा विद्युत विभाग की सेवाओं को अत्यावश्यक सेवा घोषित कर किसी भी प्रकार

की हडताल एवं प्रदर्शन को प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के तहत राजस्थान अत्यावश्यक सेवाएं अनुरक्षण अधिनियम एवं अन्य अधिसूचना के अनुसार ऊर्जा विभाग राजस्थान सरकार एवं उसके नियंत्रणाधीन कम्पनियों की समस्त सेवाओं, कार्यालयों एवं उनके क्रियाकलापों से सम्बंधित सेवाओं को 21 जुलाई 2022 से आगामी छह माह तक अत्यावश्यक सेवा घोषित कर दिया है।

साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ द्वारा भी आज दिनांक 19 सितम्बर 2022 से अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ किया गया है। इस संबंध में उन्होंने उक्त धरने में सम्मिलित सभी कर्मचारियों को आगाह किया कि वे किसी भी प्रकार के धरने में सम्मिलित नहीं हो अन्यथा धरने में सम्मिलित कर्मचारियों के विरूद्ध उक्त अधिनियम के तहत कानूनी कार्यवाही की जायेगी एवं नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ की जायेगी। उन्होंने जोधपुर एवं पाली मुख्यालय पर दिये जा रहे धरने को तुरन्त प्रभाव से समाप्त करने का आहवान किया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button