वर्ल्ड वॉटर कांग्रेस : केंद्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत ने गिनाईं जल संरक्षण के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां
कहा, नमामि गंगे मिशन दुनिया में नदी कायाकल्प और संरक्षण के क्षेत्र में एक अद्वितीय कार्यक्रम
नई दिल्ली । डेनमार्क की राजधानी कोपनहेगन में इंटरनेशनल वॉटर एसोसिएशन की ओर से आयोजित वॉटर कांग्रेस और एग्जीबिशन- 2022 में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जल संरक्षण के क्षेत्र में भारत सरकार के प्रयासों की चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने जल से संबंधित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। 11 से 15 सितंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कई देशों के नेता और वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं।
शेखावत ने कार्यक्रम में मौजूद हस्तियों को जल से जुड़ी भारत की चिंताओं और उन्हें दूर करने के उपायों, देश में हर घर साफ पानी पहुंचाने, नदियों को साफ करने और जल संरक्षण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराया। उन्होंने जल प्रबंधन के क्षेत्र में निवेश, समुदाय केंद्रित दृष्टिकोण, अभिनव वित्त पोषण स्रोतों सहित सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे नमामि गंगे मिशन से भी लोगों को रू-ब-रू कराया, जो दुनिया में एक अद्वितीय नदी कायाकल्प और संरक्षण कार्यक्रम है।
शेखावत ने ट्वीट किया कि वॉटर कांग्रेस के पटल पर भारत की बात रखते हुए गर्व का अनुभव हुआ। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में जारी जल संरक्षण के अखिल भारतीय अभियानों की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह भी कामना है कि जल क्षेत्र के पेशेवरों द्वारा विचार साझा करने का यह अनूठा मंच हम सभी को एक-दूसरे के अनुभवों और विशेषज्ञता से सीखने का अवसर प्रदान करे। कार्यक्रम के दौरान शेखावत ने दक्षिण अफ्रीका के जल एवं स्वच्छता मंत्री सेंजो मचुनु से मुलाकात भी की।