मुख्यमंत्री की जनसुनवाई ने दिया राहत का सुकून
जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की जोधपुर यात्रा के दौरान आयोजित जन सुनवाई महिला एवं बाल विकास विभाग के सेवानिवृत्त वाहन चालक रामनिवास शर्मा के लिए राहत का सुकून देने वाली रही जब मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्यवाही करते हुए समस्त औपचारिकताओं को पूर्ण कर विभाग ने शुक्रवार को पीपीओ जारी कर दिया।
मुख्यमंत्री की जन सुनवाई में वाहन चालक शर्मा ने उपस्थित होकर बताया कि उन्हें सेवानिवृत्त हुए दो वर्ष हो गए लेकिन पेंशन अब तक शुरू नहीं हो पाई है। मुख्यमंत्री ने इसे अत्यन्त गंभीर बताते हुए जल्द से जल्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस बारे में संबंधित अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि एसीपी में शुद्धिकरण की वजह से विभाग में राज्यस्तर पर विलम्ब हो रहा था, जिस पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर जोधपुर के अधिकारियों ने राज्यस्तर से सम्पर्क कर प्रकरण को त्वरित गति से निस्तारित करवा कर राहत प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने श्री शर्मा के पेंशन प्रकरण में आने वाली दिक्कतों को दूर कर पी.पी.ओ. जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विभागीय स्तर पर सभी प्रकार की कार्यवाही को पूर्ण किया जाकर शुक्रवार को श्री शर्मा को पीपीओ की प्रति प्रदान की गई।