शिविर में महिलाओं को किया जागरूक
जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के एक्शन प्लान के अनुसार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण अधिकारों को दृष्टिगत रखते हुए विशेष गतिविधियां आयोजित करने के निर्देशों की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव व अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश जोधपुर महानगर रैना शर्मा द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जाजीवाल कूतड़ी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया।
सचिव रैना शर्मा ने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वर्ष 2021-22 महिला सम्मान, सुरक्षा और गौरव को समर्पित किया गया है जिसके अध्यधीन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण विषय पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जाजीवाल कूतड़ी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण विषय पर जानकारी देते हुए महिलाओं से संबंधित राज्य तथा केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, सम्मान पेंंशन योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन योजना इत्यादि की जानकारी प्रदान की। साथ ही शिविर में उपस्थित बालिकाओं से उनकी शिक्षा के बारे में वार्ता करने पर उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया गया।
इसी क्रम में महिला अधिकारिता विभाग की संरक्षण अधिकारी सुनिता बेनीवाल ने शिविर में उपस्थित महिला एवं बालिकाओं को संबोधित करते हुए बताया कि ऐसी बालिकाएं जो घरेलू या अन्य कारणों की वजह से निरन्तर शिक्षा ग्रहण नहीं कर सकती वह राज्य सरकार की शिक्षा सेतु योजना का लाभ उठा सकती है। उक्त योजना के तहत कक्षा 10 वीं अथवा 12 वीं की परीक्षा पास करने हेतु 5 वर्ष तक 9 बार मौका मिलता है।
शिविर में अधिवक्ता घनश्याम सारस्वत, प्रधानाध्यापक भागीरथ राम तथा शिक्षिकाएं इन्दु ओझा, प्रीति चौधरी, विमला नोगिया, रिंकु, नीशा कुमारी व शशिकल्ला उपस्थित रही। शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण तथा बाल विवाह निषेध अभियान के पेंपलेट्स का भी वितरण किया गया।