जैसलमेर-राजस्व अधिकारियों की जिलास्तरीय बैठक

जिला कलक्टर ने दिए अहम निर्देश, लम्बित प्रकरणों का जल्द से जल्द करें निस्तारण

जैसलमेर। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने राजस्व सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों के समय पर सम्पादन के साथ ही लम्बित प्रकरणों का समाधान जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए हैं। जिला कलक्टर मोदी ने सोमवार को जैसलमेर जिला कलक्ट्री सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की जिलास्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना सहित राजस्व अधिकारीगण उपस्थित थे। जिला कलक्टर ने कहा कि लम्बित प्रकरणों के समाधान की कार्यवाही को अभियान के रूप में लेकर सम्पादित करें। इस दिशा में गंभीर रहकर कार्यवाही करने की आवश्यकता हैं। इसी प्रकार कोर्ट प्रकरणों के निस्तारण की कार्यवाही के प्रति भी विशेष ध्यान दें। इसके लिए उन्होंने  राजस्व अधिकारियों से कहा कि वे सप्ताह में कोर्ट डे निर्धारित कर सुनवाई करें ताकि सभी पक्षों को इसकी जानकारी रहे व प्रकरणों के निस्तारण की रफ्तार बढ़ें। राजस्व विवादों के मामले में सभी पक्षों की समझाईश व कानूनी कार्यवाही के साथ लम्बित प्रकरणों के निस्तारण को गति दें। जिला कलक्टर ने लम्बे समय से अनिर्णीत पड़े प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर की व इनमें प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने रूपान्तरण के मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए व कहा कि अब यह समस्त कार्य ऑनलाईन ही सम्पादित होगा। मोदी ने राजस्व से सम्बन्धित फील्ड मशीनरी को और अधिक सक्रिय करने, पटवारियों के कामकाज का नियमित निरीक्षण करने,  पटवारियों की दैनिक डायरी की जांच करने तथा पटवारियों की मुख्यालय पर उपस्थिति एवं आवास सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला कलक्टर ने पटवार घरों की मरम्मत तथा नवीन पटवार भवन के प्रस्ताव बनाकर राजस्व मण्डल के लिए भेजने के निर्देश दिए। जिला कलकटर ने कहा कि राजस्व व अन्य सभी प्रकार के दायित्वों को अब पूरी सक्रियता से पूर्ण करें। अब कोविड का बहाना नहीं चलने वाला। अपने कामों को गति दे। जिला कलक्टर ने हर स्तर पर राजस्व रिकॉर्ड अपडेट व सुव्यवस्थित रखने, फील्ड मशीनरी की कमियों व शिथिलता पर कार्यवाही करने सहित राजस्व से जुड़े तमाम बिन्दुओं पर उपलब्धि मूलक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना ने जिले की राजस्व गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बेहतर ढंग से कार्य सम्पादन के निर्देश दिए। बैठक में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी नवीन माथुर एवं अतिरिक्त सूचना विज्ञान अधिकारी चन्द्रेश कुमार ने जिला प्रशासन द्वारा तैयार ई-सजग ऎप के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिले के उपखण्ड अधिकारियों वे तहसीलदारों ने अपने क्षेत्र की राजस्व एवं अन्य गतिविधियों पर जानकारी दी।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button