जिला निष्पादक समिति की बैठक में जिला कलक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

शैक्षिक विकास में जिले को दिलाएं अव्वल पहचान – आशीष मोदी

जैसलमेर। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने शैक्षिक विकास एवं विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य को साकार करने वाली तमाम योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों में लक्ष्य के अनुरूप आशातीत सफलता पाने के लिए समर्पित प्रयासों का आह्वान किया है और कहा कि इस दिशा में जैसलमेर जिले की प्रदेश में अलग से उत्कृष्ट पहचान  कायम करने समन्वित भागीदारी निभाएं। जिला कलक्टर मोदी ने  गुरुवार शाम जैसलमेर जिला कलक्ट्री सभा कक्ष में समग्र शिक्षा अभियान की जिला निष्पादक समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह आह्वान किया। बैठक में शिक्षा विभागीय जिला एवं ब्लॉकस्तरीय अधिकारियों के साथ ही प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया। जिला कलक्टर ने पूर्ववर्ती बैठक की अनुपालना के साथ ही विभिन्न बिन्दुओं पर गहन समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला कलक्टर ने विद्यालयों में पेयजल की पुख्ता व्यवस्था, नल सुविधा से जोड़ने, जल की पर्याप्त सुविधा वाले विद्यालयों में प्राथमिकता से किचन गार्डन स्थापित करने, स्कूलों से संबंधित तमाम प्रकार के सिविल कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता को सुनिश्चित करने तथा इसके लिए नियमित रूप से निरीक्षण एवं मोनिटरिंग करने, स्कूलों में वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाने,  खेल मैदान, चहारदीवारी आदि  के कार्य कराने तथा इसके लिए महात्मा गांधी नरेगा योजना में प्रस्ताव लेने, शौचालय विहीन विद्यालयों में प्राथमिकता से शौचालय निर्माण एवं स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन आदि के लिए निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों के आधार पंजीकरण के लिए विशेष शिविर आयोजन तथा सभी वैकल्कि प्रबन्धों को अंजाम देने, छात्रावासों एवं विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और सभी व्यवस्थाओं को भली प्रकार सुनिश्चित करने, नामांकन से दूर रहे बच्चों को स्कूली शिक्षा से जोड़ने सर्वे कराने, शिक्षा विभाग की तमाम योजनाओं, नवाचारों, अभियानों, प्रवेशोत्सव आदि को सफल बनाते हुए जिले के शैक्षिक विकास को नई गति प्रदान करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभागीय जिला स्तरीय एवं ब्लॉकस्तरीय अधिकारियों ने समग्र शिक्षा एवं विभागीय गतिविधियों पर विस्तार से जानकारी दी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शिक्षा से संबंधित योजनाओं में विभागीय सहभागिता से संबंधित प्रगति की जानकारी दी।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button