लोक अदालत की तैयारियों के लिए वर्चुअल बैठक आयोजित
जोधपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं राजस्थान उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष न्यायाधिपति संदीप मेहता के निर्देशानुसार 10 जुलाई को राजस्थान उच्च न्यायालय में की जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन की तैयारियों के लिए में एक वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया।
राजस्थान उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के सचिव डॉ प्रभात अग्रवाल ने बताया कि न्यायाधिपति संदीप मेहता की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित हुई। न्यायाधिपति ने बैठक में सम्मिलित हुए विभिन्न इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों व अधिवक्ताओं से राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु रैफर होने वाले प्रकरणों में अधिकाधिक पक्षकारों को राजीनामें हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने अन्य इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत में अपनी कंपनी के ज्यादा से ज्यादा प्रकरणों को निस्तारित करवाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित अधिवक्तागण, विभिन्न इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों व विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।