एक रुपए में एक माह शिक्षा अभियान चलाया
जोधपुर। रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर मिड टाउन ने कोरोना महामारी के दौरान अनेक सेवा कार्य किए। क्लब पदाधिकारियों ने जहां 50 हजार से अधिक मास्क का वितरण किया तो गरीब बच्चों के लिए एक रुपए में एक माह शिक्षा अभियान संचालित किया। लोक कलाकारों को सहायता देनी हो या दिव्यांग खिलाड़ी को आर्थिक सहायता रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर मिड टाउन समाज का सच्चा हमदर्द बनकर सामने आया।
क्लब के अध्यक्ष ललित गर्ग के सान्निध्य में पदाधिकारियों ने प्रतिदिन 200 भोजन के पैकेट वितरण कर सहयोग किया तो कोरोना महामारी से बचाव के लिए जागरूकता पैदा करने, घर से निकलते ही मास्क पहनने व नो मास्क-नो एंट्री अभियान को प्रमोट करने के लिए कार रैली का आयोजन किया। मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध अस्पतालों में 500 से अधिक ऑक्सीमीटर भेंट किए तो एक हजार से अधिक थर्मल गन सौंपी। वहीं अपना घर आश्रम में रह रहे 350 गरीबों व बेसहारा वृद्धों के लिए क्लोथ मैटीरियल भेंट किया। गर्ग ने बताया कि केन्द्रीय कारागृह में मास्क, ऑक्सिमीटर, सेनेटाइजर व साबुन सहित अन्य सामग्री भेंट की। कोरोना से रक्षा के लिए कैदियों की सुरक्षा के लिए दो हजार मास्क, 50 एन-95 मास्क, 20 सेनेटाइजर बोटल, 300 साबुन तथा पांच ऑक्सीमीटर भेंट किए तो चिकित्सा व नर्सिंगकर्मियों की सुरक्षा के लिए तकरबीन 2500 हजार ग्लब्स व मास्क एमजीएच प्रशासन को सौंपे।
उन्होंने बताया कि सेवा कार्यो की कडी में होम क्वारेंटिन वरिष्ठजनों के लिए 100 ऑक्सीमीटर एडीएम सिटी सीमा कविया को भेंट किए। वहीं फुटापथ पर जीवन बसर करने वाले परिवारों में राशन के किट वितरित किए। कोरोना में स्वस्थ्य की मजबूती के लिए स्वच्छता अभियान व सार्वजनिक पार्को में श्रमदान किया गया। तो मथुरादास माथुर अस्पताल प्रशासन को 10 एल्यूमिनियम चैयर्स व दो स्ट्रेचर्स भेंट किए।
क्लब के सचिव सौरभ राठी ने बताया कि आर्थिक तंगी का सामना कर रहे दिव्यांग पैरा स्वीमर पिन्टू गहलोत को नेशनल पैरा स्विमिंग चैम्पियनशीप में भाग लेने व तैयारियों के लिए 51 हजार रूपए का आर्थिक सहयोग प्रदान किया। वहीं जोधपुर मुक्केबाजी संघ के बैनर तले प्रशिक्षण ले रहे खिलाडियों को 20 से अधिक बॉक्सिंग ग्लब्स भेंट किए। राठी ने बताया कि कोरोना काल में आर्थिक संकट व जीविकोपार्जन की समस्या का सामना कर है लोक कलाकारों को सहायता पहुंचाकर सामाजिक सरोकार निभाया। क्लब पदाधिकारियों ने जोधपुर से 130 किलोमीटर दूर रेतीले धोरों के बीच कुशवाह गांव में निवास कर रह रहे लंगा कलाकारों के 22 परिवारों को 22 राशन सामग्री के किट वितरित किए।
क्लब के मनोज अग्रवाल ने बताया कि गर्मी को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए ठंडे पानी की चार वॉटर हट भेंट की। तकरीबन दस लाख रूपए की वॉटर हट की स्थापना के साथ ही क्लब सदस्यों ने जिन्दगी भर इनकी सार संभाल की जिम्मेदारी भी ली है। इससे पूर्व बीमार व वृद्ध रेल यात्रियों की सहायता के लिए जोधपुर रेलवे स्टेशन पर पांच व्हील चैयर भेंट की गई थी।