सफाई कर्मचारियों को महापौर ने सौंपे स्थायीकरण के आदेश

विभिन्न संगठनों ने महापौर, उपमहापौर और आयुक्त का किया स्वागत
जोधपुर। नगर निगम में वर्ष 2018 में भर्ती किए गए सफाई कर्मचारियों के परिवीक्षा काल पूरा होने के बाद नियमितीकरण का इंतजार कर रहे सफाई कर्मचारियों का इंतजार आखिरकार पूरा हो गया है।
नगर निगम उत्तर के सफाई कर्मचारियों को महापौर उत्तर कुन्ती परिहार, उपमहापौर अब्दुल करीम जॉनी ने नियमितीकरण के आदेश सौंपे तो उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। चर्ष 2018 में नगर निगम में भर्ती किए गए सभी सफाई कर्मचारियों की परिवीक्षा काल की अवधि पूरी हो चुकी थी। परिवीक्षा काल पूरा होने के साथ ही उन्हें नियमित करने की मांग लगातार की जा रही थी। महापौर उत्तर कुन्ती परिहार ने बताया कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम उत्तर ने कुछ समय पहले सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय लिया था जिसके बाद नगर निगम उत्तर के 690 सफाई कर्मचारियों का प्रोबेशन पीरियड पूरा होने के बाद उनके नियमित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। नगर निगम आयुक्त रोहिताश्व अमर ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर नवगठित बोर्ड लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि महापौर के निर्देश के बाद प्रोबेशनर सफाई कर्मचारियों को नियमितीकरण को लेकर सतत प्रयास किए गए और अब उन्हें नियमितीकरण के आदेश सौंपे जा रहे हैं।
नगर निगम उत्तर के 690 सफाई कर्मचारियों को नियमित करने के आदेश जारी होने के बाद विभिन्न संगठनों ने महापौर कुन्ती परिहार, उपमहापौर अब्दुल करीम जॉनी और आयुक्त रोहिताश्व तोमर का साफा पहनाकर एवं पुष्प वर्षा कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। संगठनों के पदाधिकारियों ने इस कार्य के लिए नवगठित बोर्ड का आभार जताया, साथ ही विश्वास दिलाया कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए सभी कर्मचारी एकजुट होकर काम करेंगे। इस अवसर पर अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम हंस, इंस्पेक्टर एसोसिएशन के कैलाश तंबोली, बच्चन पंडित, नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अमरलाल व्यास, कार्यालय अधीक्षक सलामत उल्ला खान, महापौर निजी सचिव नितिन गहलोत मौजूद थे।