अशोक उद्यान स्थित ओपन एयर थियेटर का पुनरूद्धार एवं आधुनिकीकरण
जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर के चहुमुखी विकास हेतु निरन्तर प्रयासरत रहे है। मुख्यमंत्री द्वारा जोधपुर शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सौगातों, जोधपुर शहर के हेरिटेज एवं ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ विभिन्न पार्कों यथा उम्मेद उद्यान एवं अशोक उद्यान का संरक्षण एवं पुनरूद्धार सहित विभिन्न विकास के कार्य भी करवाये जा रहे है। मुख्यमंत्री की मंशानुरूप जोधपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 170.45 लाख की लागत से सम्राट अशोक उद्यान परिसर स्थित ओपन एयर थियेटर का पुनरूद्धार एवं आधुनिकीकरण का कार्य सम्पादित करवाया जा चुका है। जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा शीघ्र ही किया जाएगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशानुरूप सम्राट अशोक उद्यान परिसर स्थित ओपर एयर थियेटर का प्राधिकरण द्वारा 170 की लागत से पुनरूद्धार एवं आधुनिकीकरण किया गया है। प्राधिकरण द्वारा ओपन एयर थियेटर तक के चारो ओर सम्पर्क सडक़ का निर्माण कार्य करवाते हुए 4 वॉटर चैनल, पुरूष और महिलाओं हेतु 6-6 प्रसाधन एवं सुविधा केन्द्र, बेसमेंट में 4 बड़े हॉल का निर्माण करते हुए लगभग 40 मीटर लम्बाई एवं चौड़ाई में स्टेज का निर्माण करवाते हुए स्टेज के नीचे कलाकारों को तैयार होने व आराम करने हेतु ग्रीन रूमस् का निर्माण करवाया गया है। साथ ही स्टेज को आधुनिक रूप प्रदान करने के लिए 20 वर्गमीटर में प्रोजेक्टर रूम का निर्माण भी करवाया गया है।
जेडीए द्वारा ओपन एयर थियेटर के समीप भूतल पर 1800 वर्गमीटर पार्किंग एरिया विकसित किया गया है। वाणिज्यिक गतिविधियों हेतु प्रथम तल पर 2500 वर्गमीटर एरिया तथा द्वितीय तल 1100 वर्गमीटर एरिया विकसित करते हुए ओपन एयर थियेटर को बहुउद्देशीय रूप प्रदान किया गया है। इस ओपन एयर थियेटर में 3200 से अधिक व्यक्तियों की एक साथ बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अस्त-व्यस्त हालत में पड़े ओपन एयर थियेटर को सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के पीछे मुख्यमंत्री की मंशा रही कि स्थानीय एवं देशी-विदेशी पर्यटकों को रमणीय पर्यटक स्थल मिलने से पर्यटन में भी विकास होगा। ओपन एयर थियेटर के पुनरूद्धार एवं आधुनिकीकरण से जोधपुर शहरवासियों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के लोक-कलाकारों को अपना हुनर दिखाने हेतु एक सुसज्जित मंच मिलेगा। इसके साथ ही शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं कॉलेजों के वार्षिक उत्सव, कवि सम्मेलन, म्यूजिक एवं लाईट शो, लेजर शो, नाटक, रंगमंच, जनजागृति कार्यक्रम, विभिन्न क्षेत्रों के सेलिब्रिटिज के स्टेज कार्यक्रम भी आयोजन संभव हो सकेगा। इस कार्य को करवाने के कारण स्थानीय नागरिको, अशोक उद्यान में भ्रमण करने वाले व्यक्तियों, समाजसेवी संस्थाओं सहित विभिन्न क्षेत्र के प्रबुद्ध व्यक्तियों द्वारा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार व्यक्त किया गया।