यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश

जोधपुर। अपर जिला कलक्टर प्रथम मदनलाल नेहरा ने अपने कक्ष में यातायात प्रबन्ध समिति की बैठक लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अपर जिला कलक्टर प्रथम ने सार्वजनिक निर्माण विभाग से दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए असुरक्षित रोड स्ट्रेच का चिन्हिकरण करने, सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के प्रोटोकॉल के अनुसार चिन्हित ब्लैक स्पॉट का निवारण करने, वार्षिक लक्ष्य निर्धारित कर दुर्घटना संभावित स्थानों, चौराहो, तिराहो पर गति नियंत्रण के उपाय करने, वार्षिक लक्ष्य निर्धारित कर दुर्घटना संभावित स्थानों की ऑडिट कर आवश्यक सुधार कार्य करवाने, राज्यमार्गो पर आवारा पशुओं से होने वाले सडक़ हादसों की रोकथाम के लिए समुचित कार्यवाही करने, शहरी व ग्रामीण सडक़ों तथा राजमार्गो पर आईआरसी मानकों के अनुरूप सडक़ चिन्ह तथा नियमित अंतराल पर स्पीड लिमिट साइन बोर्ड लगाना, चार व चार से अधिक लेन वाली सडक़ों व राजमार्गो पर लेन ड्राईविंग के प्रचार प्रसार के लिए सूचना पट लगाने के निर्देश दिए।
एडीएम प्रथम ने यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को दुपहिया वाहन चलाने वाले व्यक्तियों द्वारा हेलमेट नही पहनने एवं वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने पर वाहने चालकों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए उन्हे सडक़ सुरक्षा के संबंध में जागरूकता करने की दिशा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार चौपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट नही लगाने एवं तेज गति से वाहन चलाने पर वाहन चालाकों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए चालान बनाने के साथ साथ उनको सडक़ सुरक्षा के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप ग्रामीण क्षेंत्रों में हेलमेट, सीटबेल्ट, तेज गति व वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग, अंडर रन प्रोटेक्शन डिवाइस, रिफलेक्टिव टेप इत्यादि के उल्लंघन के विरूद्ध नियमित प्रवर्तन कार्यवाही करने, कम उम्र में मोटर वाहन चलाने की प्रवृति पर रोक लगाने के लिए नियमित प्रवर्तन एवं इस संबंध में वि़द्यालयों के माध्यम से आवश्यक जागरूकता कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजमार्गो पर नियमित रूप से हाइवे पेट्रोलिंग करने, बाल वाहिनी समिति की मासिक बैठके अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाना सुनिश्चित करने एवं बाल वाहिनी उल्लंघनों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय में सडक़ सुरक्षा संबंधी नियमों की पालना के लिए पुलिस एवं परिहवन विभाग के माध्यम से जनजागृति अभियान चलाये जाये तथा विद्यालयों में आने जाने वाले समस्त शिक्षक, अन्य स्टॉफ एवं विद्यार्थियों द्वारा सडक़ सुरक्षा के नियमों की पालना की जावे तथा प्राथमिक चिकित्सा उपचार की जानकारी के साथ चिकित्सा किट प्रत्येक वाहन में रखने के लिए पाबंद किया जाये।
उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर राजमार्गो पर स्थित ट्रॉमा सेंटर की दिशा एवं दूरी से संबंधित सूचना पट तथा अपातकाल सहायता नम्बर नियमित अंतराल पर प्रदर्शित करना, राजमार्र्गा एवं अन्य सडक़ों पर ध्यान भटकाने वाले होर्डिग्स एवं अन्य अवरोध हटवाने के लिए की गई कार्यवाही के बारे में विस्तार से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने उपखण्ड स्तरीय सडक सुरक्षा समिति द्वारा की जा रही बैठकों, लिए गए निर्णयों एवं कार्यवाही की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए तथा ग्राम सभा बैठकों में सडक़ सुरक्षा को एजेडा में सम्मिलित करने के निर्देश दिए। बैठक में आरटीओ रामनारायण बडगुर्जर ने समिति के समक्ष बैठक एजेन्डा व की गई कार्यवाही की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में एडीएम द्वितीय मुकेश कुमार कलाल, एडीएम सिटी प्रथम रामचन्द्र गरवा, डीसीपी क्राईम राजकुमार चौधरी, एडीईओं सेकेण्डरी नरेन्द्र कुमार सहित यातायात, पुलिस व परिवहन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button