हम जन सरोकारों के पक्षधर,जनता ने नीतियों को सराहा: भाजपा
सिरोही (जयन्तिलाल दाणा)। भाजपा नगर मंडल सिरोही के कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित ने कहा कि हमारी विचारधारा के साथ-साथ राष्ट्रवाद की हमारी सोच के फलस्वरुप लंबे संघर्ष के बाद सत्ता तक पहुंचने के बाद देश व प्रदेशों में हमारी सरकार के सुशासन तथा विकास को लोगों ने स्वीकार किया है, देश की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते अब हमारा दायित्व बहुत बढ़ गया है नए युग के नए सर्जन के हम नायक हैं हम जन सरोकारों की राजनीति के पक्षधर है इसलिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बहुत अधिक है।
सुख दुःख में भागीदार बनना चाहिए: जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मुखातिब होकर उन्हें प्रशिक्षण शिविर की महत्ता और इसकी जरूरत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समय-समय पर नए पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्य पद्धति, विचारधारा, सैद्धांतिक अधिष्ठान और पार्टी के इतिहास की जानकारी का स्मरण कराना जरूरी है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ से शुरू हमारे पार्टी की विकास यात्रा में हमारा निर्भीक राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक एकता, व्यक्तिनिष्ट नहीं तत्वनिष्ठ आदि के गुण हमारे प्राथमिकता में रहे हैं और कार्यकर्ताओं को भी हमारे नेताओ व महापुरुषों के गुणों को अंगीकार करके जनता के सुख दुःख में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ता के लिए अनुशासन को सर्वोपरि बताया। इसी प्रकार अपने आशीर्वचन में वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीमती तारा भंडारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि राजनीति में सुचिता व संकल्प के साथ साथ पार्टी की नीतियों को सोचने समझने का अवसर मिलता है। इसमें कार्यकर्ताओं को उत्साह से भाग लेना चाहिए।
कार्यकर्ताओं को कुशल बनाने के लिए प्रशिक्षण: दवे
शिविर के प्रभारी कमलेश दवे ने भाजपा के इतिहास व विकास यात्रा के विषय पर सिलसिलेवार तरीके से बोलते हुए कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का पंच निष्ठाओं के आधार पर गठन किया गया था, इससे पूर्व आजादी आंदोलन से जुड़े हमारे नेताओं ने जनसंघ के माध्यम से देश के लिए संघर्ष किया। हमारे नेताओं ने भाजपा को कैडर आधारित संगठन बनाने का संकल्प लिया और आज यह सर्वविदित है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के त्याग बलिदान से सर्वमान्य पार्टी के रूप में देश में स्थापित हुई। दवे ने कहा कि कार्यकर्ताओं को योग्य व कुशल बनाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं और इसमें बताया जाता है कि हम मन, वचन और कर्म से देश के लिए समर्पित होकर कार्य करें। इसी प्रकार शिविर के वक्ता के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी ने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां तथा राज्य सरकार की नाकामियों पर कार्यकर्ताओं का फोकस करते हुए कहा कि फील्ड में कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और वह जनता से सीधा जुड़ा होने के कारण लोगों के बीच पार्टी का आईना होता है। चौधरी ने बताया कि भाजपा ने सभी प्रमुख चुनावी वादों को लागू किया है जिसमें अनुच्छेद 370, तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाने का कानून और सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के साथ विवादित स्थल को राम जन्मभूमि न्यास को सौंपना शामिल था।
हमारी विचारधारा भारत माता की जय में प्रतिबिंबित: देवासी
प्रशिक्षण शिविर के वक्ता जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी ने पार्टी के विचार परिवार विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि हमारे महापुरुषों ने पार्टी संगठन के गठन मैं अपना सर्वस्व न्योछावर किया है हमारी सोच व विचारधारा भारत माता की जय में प्रतिबिंबित होती है। अनुशासन व समर्पण से भाजपा आज पूरे विश्व में एक वटवृक्ष के रूप में स्थापित हो गई है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व निर्माण, सांस्कृतिक एकता, आत्म बलिदान की भावना और सरल जीवन शैली को अपनाया है। देवासी ने बताया कि संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा व समर्पण से ही हम लोगों के दिलों में जगह बना सकते हैं और यह हमारी सोच में शुमार है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और हमारा विचार परिवार पार्टी कार्यकर्ताओं को पोषित एवं पल्लवित करता है। वक्ता के रूप में जिला महामंत्री प्रकाश मेघवाल ने वर्ष 2014 के बाद भारत की राजनीति में बदलाव एवं हमारा दायित्व विषय पर बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी पंच निष्ठा में से एक सामाजिक आर्थिक विषयों पर गांधीवादी दृष्टिकोण जिससे शोषण मुक्त समता एक समाज की स्थापना हो सके उसके लिए कृत संकल्पित है और उसी नीति पर चलते हुए देश के यशस्वी लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों,वंचितों व दलितों के प्रति समर्पित होकर उनकी आशा और उनकी आकांक्षाओं की पूर्ति को लक्ष्य बनाकर काम कर रही है। मेघवाल ने कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आव्हान किया।
झूठे दुष्प्रचार से विचलित नहीं होना चाहिए: बावली
वक्ता के रूप में मांगूसिंह बावली ने मीडिया की महत्ता और सोशल प्लेटफॉर्म का किस प्रकार उपयोग किया जाए उसके बारे में विस्तार से बताया। मांगूसिंह ने विपक्षी पार्टियों के कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी के प्रति किए जाने वाले झूठे दुष्प्रचार, भ्रामक पोस्ट आदि कत्तई विचलित नहीं होने का आग्रह करके विनम्रता से इमानदारी पूर्वक उसका जवाब देने का सभी से आग्रह किया। भाजपा नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि भाजपा केंद्रीय प्रशिक्षण विभाग की योजना और प्रदेश व जिला संगठन की संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत शहर भाजपा मण्डल के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ हुआ। प्रारम्भ में सभी प्रतिभागियों का पंजीयन किया गया। नगर मंत्री राहुल रावल ने वर्ग गीत ष्नवीन पर्व के लिए नवीन प्राण चाहिए… गीत की प्रस्तुति दी, संचालन महामंत्री जब्बरसिंह चौहान ने किया। मंडल अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इनकी रही उपस्थिति
इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश सगरवंशी, अशोक पुरोहित, पार्षद मगनलाल मीणा, गीता पुरोहित, गोविंद माली, हंजादेवी पटेल,उपाध्यक्ष प्रकाश पटेल, मंत्री भरत माली, महेंद्र माली,विजय पटेल,मनीष राजपुरोहित, ललित प्रजापत, गोविंदसिंह बारड, कपूराराम पटेल, राजेश गुलाबवानी, श्रवण पुरोहित, सुनील गुप्ता, कुलदीप छापोला, चिराग रावल, इंदरसिंह, रणछोड़ प्रजापत, गोविंद सैनी, लुंबाराम राणा, सुश्री विजयलक्ष्मी खंडेलवाल, रामेश्वर कंसारा,गणपतसिंह राठौड़ आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।