संभागीय आयुक्त ने आबकारी व सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों की बैठक ली
जोधपुर। संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा ने अपने कक्ष में आबकारी विभाग व सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों की बैठक ली।
संभागीय आयुक्त ने प्रदेश में घटित शराब दु:खान्तिओं को देखते हुए आबकारी उपायुक्त शैलेन्द्र देवड़ा को अवैध शराब के निर्माण के लिए कच्ची सामग्री के बनाने के स्थलों का पता लगाकर पुख्ता कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मौहल्लों, कॅालोनियों, बस्तियों को चिन्हित करें जहां अवैध शराब का निर्माण किया जाता व पुलिस व आबकारी संयुक्त कार्यवाही कर प्रकरण दर्ज करें व कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गो पर स्थित होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट पर आबकारी एक्ट के तहत आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने का संदेह होने पर औचक जांच करें व नियमानुसार सख्त कार्यवाही करें। संभागीय आयुक्त ने बैठक में कहा कि वृताधिकारी पुलिस, थानाधिकारी स्तर पर गठित सी एल सी सदस्यों व ग्राम रक्षकों का सहयोग लेकर व मुखविर तंत्र से प्राप्त सूचना के आधार पर चिन्हित क्षेत्रों का भौतिक मुआयना किया जाकर पुख्ता कार्यवाही करें।
संभागीय आयुक्त ने हरियाणा, पंजाब व अन्य राज्यों से आने वाली अवैध शराब को रोकने के लिए संभावित स्थानों पर पुलिस व आबकारी विभाग की नियमित गश्त, धावों व नाकाबंदियों की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी शराब के अनुज्ञाधारी द्वारा तथाकथित ब्रांच के नाम पर संचालित ऐसी ब्रांचों पर नियमानुसार कार्यवाही करने व अनियमितता पाये जाने पर प्रकरण दर्ज करने को कहा। संभागीय आयुक्त ने अवैध मदिरा की रोकथाम के लिए नकली, हथकड व अन्य राज्यों के मदिरा बाहुल्य वाले गांवों को चिन्हित करके ऐसे गांवों में अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के बारे में सूचना एकत्रित कर आबकारी व पुलिस आपसी समन्वय से नियमानुसार उनके विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने अवैध शराब के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के व्यापक प्रचार प्रसार पर जोरे देने को कहा। संभागीय आयुक्त ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अनिल व्यास से राज्य सरकार द्वारा संचालित नवजीवन योजना को प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त अरूण पुरोहित, जिला आबकारी अधिकारी उदयभानू चारण, ई ओ नरेन्द्रसिंह व डी एस ओ अनिल पंवार उपस्थित थे।