समाज को स्वच्छता कर्मियों की सेवाओं को समग्र दृष्टिकोण से समझना आवश्यक रू लोढ़ा
- नगर पालिका में आयोजित कार्यक्रम में विधायक लोढ़ा ने २६ सफाई कर्मियों को स्थाई नियुक्ति पत्र प्रदान किए
शिवगंज। विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि समाज को स्वच्छता कर्मियों की सेवाओं को समग्र दृष्टिकोण से समझना चाहिए। जिस समय हमारी माताएं अपने बच्चों को सुबह के समय स्कूल भेजने की तैयारी कर रही होती है, उस समय महिला सफाई कर्मी अपने बच्चों को छोड़ सडक पर सफाई कार्य में जुटी होती है। विधायक लोढ़ा शनिवार को नगर पालिका परिसर में २६ सफाई कर्मियों को स्थाई नियुक्ति पत्र प्रदान करने के अवसर पर आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर विधायक लोढा ने महिला सफाई कर्मियों को घुंघट प्रथा से परहेज करने तथा पुरूषों को इस कार्य में महिलाओं का सहयोग करने की भी अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष वजींराम घांची ने की। विशिष्ठ अतिथि के रूप में पालिकाध्यक्ष श्रीमती चंपादेवी कुमावत उपस्थित रही। विधायक लोढ़ा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विगत सात दशकों में कांग्रेस की सरकारों ने अनेकानेक निर्णय लेकर समाज के हर तबके को आगे बढने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को जो परिलाभ मिलते है वे पहले नहीं मिला करते थे। राज्य में पहली बार जब शिवचरण माथुर मुख्यमंत्री थे तब उनकी सरकार ने पहली बार कर्मचारियों को पेंशन का लाभ दिया। उसके बाद कर्मचारी संगठनों की ओर से की जाने वाली मांगों पर सरकारें कर्मचारियों के हित में कदम उठाती रही है। उसके बाद कर्मचारियों को कई परिलाभ मिलने लगे है। विधायक लोढ़ा ने कहा कि जब वर्ष २००१ में केन्द्र में भाजपा की सरकार आई तब पेंशन प्रक्रिया को बदल दिया गया। अब कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ नहीं मिलता है। ऐसे में सेवानिवृति के बाद कर्मचारियों के पीछे परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस बारे में राज्य सरकार की ओर से केन्द्र सरकार से कई बार पत्र व्यवहार किया गया है,लेकिन केन्द्र सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
महिलाओं के विकास में बाधक घुंघट प्रथा
विधायक लोढ़ा ने कहा कि आज प्रदेश में अशोक गहलोत सरकार घंूघट के खिलाफ अभियान चला रही है। आज यहां बैठी इतनी संख्या में महिलाएं सरकारी नौकरी में होने के बावजूद घूंघट नही छोड़ रही है यह गलत है। विधायक लोढ़ा ने घूंघट को महिलाओं के विकास में बाधक बताते हुए कहा कि आज देश में महिलाएं लगभग हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं पुरूषों की बराबरी कर रही है। ऐसे समय में घूंघट प्रथा बेमानी हो जाती है। उन्होंने पुरूषों से भी महिलाओं को घूंघट प्रथा से मुक्ति दिलवाने में सहयोग करने की अपील की। इससे पूर्व नगर पालिका प्रशासन की ओर से पालिकाध्यक्ष वजींराम घांची ने विधायक लोढ़ा का साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर वाल्मिकी समाज की ओर से भी ताराचंद एवं सुरेश कुमार ने विधायक संयम लोढ़ा का तथा अशोक कुमार व विक्रम कुमार ने पालिकाध्यक्ष का साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर विधायक लोढ़ा ने सभी २६ स्थाई हो चुके सफाई कर्मचारियों को उनके नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी नीलकमलसिंह राणावत, पार्षद प्रवीण जैन, जयंतिलाल सोनी, प्रकाश मीना, जयश्री कुमावत, राजेन्द्रसिंह, मंजू देवी जैन, आकाश जैन, हबीब शेख, जगवीरसिंह गोहिल, महेन्द्र राठौड, राजेन्द्र कुमार, अब्बास अली, आरिफ टांक, नरेन्द्र जैन सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।