जल संरक्षण के लिए कैच दी रेन का विमोचन
सिरोही। नेहरू युवा केंद्र द्वारा भारत सरकार की जल संरक्षण के लिए परियोजना कैच दी रेन का विमोचन जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में किया गया। जिला युवा अधिकारी मोहित कुमार ने बताया कि इस परियोजना प्रस्ताव पर दो चरणों में कार्य होना है। प्रथम चरण का प्रस्ताव राष्ट्रीय जल मिशन जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्वीकृत कर दिया गया है, जो कि मार्च 2021 तक किया जाएगा। यह परियोजना प्रस्ताव देश के 31,150 गांवों में क्रियान्वित की जानी है, जिसके तहत प्रत्येक जिले में नेहरू युवा केंद्र को 50 गांव आच्छादित किए जाने हैं, जहां पर सक्रिय युवा मंडल कार्यरत हैं। प्रथम चरण में विमोचन कार्यक्रम, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के लिए शैक्षणिक एवं प्रेरक कार्यक्रम, वातावरण निर्माण, दीवार लेखन, बैनर एवं पोस्टर, ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं, आधारभूत नुक्कड़ नाटक, प्रचार-प्रसार सामग्री का प्रकाशन आदि किया जाना है। राष्ट्रीय स्तर पर लॉचिंग कार्यक्रम गत 21 दिसंबर को आयोजित होने के बाद जिला स्तर पर लॉचिंग कार्यक्रम गुरुवार को जिला कलेक्टर द्वारा कैच द रेन पोस्टर का विमोचन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के हीराराम माली, युवा मंडल मांडवा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप रावल, अधिवक्ता अशोक पुरोहित, हितेश रावल उपस्थित थे।