उपार्जित अवकाश जुड़वाने की मांग
सिरोही। राजस्थान समग्र शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. उदयसिंह डिंगार ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजकर बूथ लेवल अधिकारी का कार्य कर रहे अध्यापकों एवं अन्य कार्मिकों द्वारा राजकीय अवकाश के दौरान की जाने वाली ड्यूटी के एवज में देय उपार्जित अवकाश को तत्काल जुड़वाने के लिए कार्यालयाध्यक्षों को पाबंद करने की मांग उठाई है। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि ग्रीष्मावकाश एवं अन्य अवकाशों के दौरान निर्वाचन, कोरोना ड्यूटी या अन्य ड्यूटी के एवज में सेवा नियमांतर्गत उन्हें उपार्जित अवकाश देय है, परंतु अत्यंत खेद का विषय है कि राजस्थान सेवा नियम 92 बी के प्रावधानों के विपरीत कतिपय अधिकारियों एवं कार्यालयाध्यक्षों द्वारा बीएलओ एवं कार्मिकों को उपार्जित अवकाश का लाभ समय पर नहीं दिया जाता है। यह गंभीर जांच का विषय है। उन्होंने ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को भी प्रेषित कर कार्यवाही की मांग की है।