श्रम संशोधन विधेयक की जानकारी दी
जोधपुर। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो जोधपुर एवं संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त के संयुक्त तत्वावधान में जोधपुर जिले की मण्डोर पचांयत समिति की ग्राम पंचायत सुरपुरा में ग्रामीण स्तर पर कार्यरत फैक्ट्रियों के मजदूरों, नरेगा का कार्य करने वाले मजदूरों के मध्य श्रम संशोधन विधेयक-2020 पर जन-जागरूकता कार्यक्रम व विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के संरपच जुगताराम विश्नोई एवं ग्राम विकास अधिकारी आशा कंवर भी उपस्थित रही।
विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए श्रम निरीक्षक बहादुर सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य श्रम संशोधन विधेयक-2020 में श्रमिकों को अपने अधिकार के बारे में जानना है। कार्यक्रम के दौरान श्रम निरीक्षक हितेश चौधरी ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो के केआर सोनी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि श्रम संशोधन विधेयक-2020 पर जन-जागरूकता का कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर कार्यरत मजदूर वर्ग को उनके हितो एवं अधिकारों के बारे में जानकारी देना हैं। साथ ही केन्द्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं पर विभाग द्वारा फलैक्स प्रदर्शनी भी आयोजित की गई तथा ग्रामीणों को प्रदर्शनी के माध्यम से जानकारी प्रदान की गई। विभाग द्वारा एक मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोतिज कर विजेता प्रतिभागियो को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो जोधपुर के खीमराज सोनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।