महिला विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी समझायी गई – कैसे लें इनका लाभ
जैसलमेर। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से जैसलमेर शहर की वाल्मीकि कॉलोनी स्थित आँगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक-31 पर महिला चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला शक्ति केन्द्र की जिला महिला कल्याण अधिकारी श्रीमती चन्द्रा राठौड़ तथा जिला समन्वयकों रीना छंगानी एवं बलवन्त सिंह ने उपस्थित क्षेत्रवासी महिलाओं को महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और इनका लाभ प्राप्त करने की समूची प्रक्रिया के बारे में समझाया। चौपाल में खासतौर पर सुकन्या समृद्धि योजना, प्रसूता सहायता योजना, पालनहार योजना आदि से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
योजनाओं का लाभ लेकर तकदीर सँवारें
महिला कल्याण अधिकारी चन्द्रा राठौड़ ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर जीवनस्तर ऊँचा उठाने की दिशा में पूरी जागरुकता से आगे आने का आह्वान महिलाओं से किया और कहा कि इसके लिए सरकारी की कई योजनाएं संचालित हैं जिनकी जानकारी पाकर परिवार और समाज में खुशहाली लायी जा सकती है।
पात्र बच्चों को जोड़ें पालनहार योजना से
जिला समन्वयक रीना छंगानी ने अनाथ बच्चों के लिए सरकार की पालनहार योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि हम सभी का यह ठोस प्रयास होना चाहिए कि कोई भी अनाथ बच्चा पैसों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि ऎसे अनाथ बच्चों को चिह्नित कर इनकी पूर्ण सूची बनाकर प्रस्तुत करें।
आत्मनिर्भरता पाने के लिए निःशुल्क प्रशिक्षणों का लाभ लें
उपस्थित महिलाओं को रोजगार एवं स्व रोजगार के जरिये आत्मनिर्भरता दिलाने वाली महत्वपूर्ण इन्दिरा महिला शक्ति योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके अन्तर्गत कौशल संवर्धन व प्रशिक्षण योजना चलाई जा रही है। इसमें महिलाओं को निःशुल्क कम्प्यूटर कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाता है। इस योजना से संबंधित नियमों और शर्तों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके लिए इच्छुक महिलाएं आगामी 31 जनवरी तक आवेदन कर सकती हैं। इसके अन्तर्गत आरएस-सीआईटी तथा आरएस- सीएफए कम्प्यूटर कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाता है।
उपस्थित महिलाओं से यह भी कहा गया कि वे खुद भी आवेदन करें तथा अपने आस-पड़ोस और क्षेत्र की महिलाओं को भी इस योजना की जानकारी दें और अधिक से अधिक महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण से जोड़कर उनका जीवन स्तर ऊँचा उठाने में मददगार बनें।
आँगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण, समस्याओं का समाधान
महिला कल्याण अधिकारी चन्द्रा राठौड़ तथा जिला समन्वयक रीना छंगानी एवं बलवन्तसिंह ने आँगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया और विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। खासकर पोषाहार की गतिविधियों से संबंधित निरीक्षण किया गया और महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की कार्यवाही की गई।