जिला कलेक्टर ने ली बर्ड फ्लू संबंधित बैठक
जोधपुर। जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि जिले में एवियन इन्फलूएंजा के प्रति विशेष सर्तकता बरतने के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की शत प्रतिशत पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले में स्थित वेटेलैण्डस सहित तमाम ऐसे स्थान जहंा पक्षी अधिक पाये जाते है वहंा प्रभावी मोनिटरिंग की जायें।
जिला कलेक्टर अपने कक्ष में बर्ड फ्लू के संबंध में पशुपालन, चिकित्सा, वन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में बर्ड फ्लू के संबंध में जिला प्रशासन व पशुपालन विभाग पूरी तरह से सर्तक है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्यवाही के लिए 17 रैपिड रेस्पंास टीमों का गठन किया जा चुका है। ये टीमें जिला व ब्लॅाक स्तर पर गठित की गई है। जिनके द्वारा लगातार फिल्ड विजिट भी की जा रही है।
जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में अब तक जांच के लिये भेजे गए मृत पक्षियों की बर्ड फ्लू की रिपोर्ट नेगेटिव ही आई है। साथ ही जिले में बर्ड फ्लू के संबंध में समस्त आवश्यक ऐहतियात भी बरते जा रहे है। उन्होंने कहा कि यदि अपने घर की छतों या आस पास मृत पक्षियों को देखें तो उसे हाथ लगाने के स्थान पर सुरक्षित निस्तारण के लिए सूचना पशुपालन कार्यालय द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 0291-2616422 पर दें।
जिला कलेक्टर ने कहा कि फिलहाल जिले में मुर्गियों में इस रोग के फैलने की कोई सूचना नहीं है। फिर भी पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा पोल्ट्री संचालकों को जागरूक करने व विशेष सर्तकता बरतने के उद्देश्य से वाट्सअप ग्रुप भी बनाया गया है। जिसमें जिले में स्थित समस्त पोल्ट्री फार्म के प्रतिनिधियों को जोड़ा जाकर सूचनाएं एकत्र की जा रही है।
बैठक में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक जेपी नंदवानी ने बर्ड फ्लू रोग के लक्षण, कुक्कुट पालकों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश सहित इस रोग से बचाव के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी भी दी। बैठक में एडीएम प्रथम एमएल नेहरा, आरएफओ मानसिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत मण्डा सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर विचार विमर्श किया।