जैव उर्वरकों पर महिलाओं को दिया प्रशिक्षण
जोधपुर। विज्ञान एवं औद्योगिक शोध विभाग, विज्ञान एवं तकनीकी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा महिलाओं के लिए तकनीकी विकास एवं उपयोगिता कार्यक्रम के तहत फसलों की उत्पादकता बढ़ाने हेतु जैव उर्वरक के प्रयोग पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मथानिया में शुष्क वन अनुसंधान संस्थान (आफरी) द्वारा आयोजित किया गया।
आफरी निदेशक एमआर बालोच ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को पर्यावरण मित्र जैव उर्वरकों एवं उनकी फसलों में उपयोगिता के प्रति जागरूक करना तथा उनकी आजीविका में वृद्धि करना है। कार्यक्रम में सरपंच ओम प्रकाश सोलंकी के मुख्य आतिथ्य में 17 ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम की संयोजक एवं परियोजना प्रभारी डॉ. संगीता सिंह ने विभिन्न जैव उर्वरकों एवं उनकी फसलों में देने एवं पौधों के मूल्य संवर्धन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में अमीटी विश्वविद्यालय नोएडा की सह आचार्य डॉ. स्वाती त्रिपाठी ने वर्चुअल प्लेट फार्म के माध्यम से जानकारी दी।