हजयात्रा 2021 के लिए 10 जनवरी तक भरे जाएंगे फॉर्म
- कोरोना को लेकर नई गाइडलाइन जारी
सिरोही | कोरोना के चलते 2020 में हज यात्रा निरस्त कर दी गई थी। लेकिन हज 2021 के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। भारत और सऊदी अरब सरकार ने कोरोना को लेकर हज के लिए नई गाइडलाइन तैयार की है। जिसके तहत हज यात्रा महंगी तो हुई है, साथ ही कई नई दरें भी जोड़ दी गई है। गाइडलाइन के मुताबिक पहली बार हज यात्रियों से वीजा फीस भी ली जाएगी। वीजा फीस के तौर पर प्रत्येक हज यात्री को 500 सऊदी रियाल देना होगा। इस हिसाब से प्रत्येक हज यात्री से लगभग 9 हजार 500 रुपए अधिक लिए जाएंगे। केंद्रीय हज कमेटी की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार हज यात्रियों का ट्रांसपोर्टिंग चार्ज भी बढ़ा दिया गया है। हज के फार्म 10 जनवरी तक भरे जाएंगे।