एक साल में बदला 5 करोड़ महिलाओं का जीवन: शेखावत
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जल जीवन मिशन के तरह एक साल में देश के 2.55 करोड़ घरों में नल कनेक्शन लगाए जा चुके हैं। यदि एक घर से दो महिलाओं का औसत मानें तो एक साल में हमने 5 करोड़ महिलाओं को घर के बाहर से पानी लाने जाने के अभिशाप से मुक्ति दिलाई है। भाजपा मीडिया विभाग के अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान में शामिल होने और हिमाचल प्रदेश व आसाम के दौरे के बाद दिल्ली से जोधपुर पहुंचे। इसके बाद यहीं से फिक्की के वेबिनार जलाश्य रक्षाम – फ्लो के 17 अध्याय अध्यक्ष पैन-इंडिया के साथ भारत की जल नीति पर गोलमेज चर्चा भाग लिया। वेबिनार जलाश्य रक्षाम में शेखावत ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी देश में रोजाना 1 लाख नल कनेक्शन लगाए जा रहे हैं। यह सभी राज्य सरकारों के सहयोग से हो रहा है। देश के 16 जिलों में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन लग चुके हैं। इनमें एक भी घर ऐसा नहीं है, जहां पीने का पानी लेने के लिए महिला को बाहर जाना पड़े।
उन्होंने बताया कि देश के 400 से ज्यादा ब्लॉक और 60,000 गांव ऐसे हैं, जहां 100 प्रतिशत नल कनेक्शन लग चुके हैं। गोवा ने 100 प्रतिशत का आंकड़ा प्राप्त कर लिया है तो तेलंगाना में 98 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। शेखावत ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत साल 2024 तक देश के सभी ग्रामीण आवासों तक नल से जल पहुंचाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प लिया है। वेबिनार में शेखावत ने जलशक्ति मंत्रालय के गठन से लेकर गंगा सफाई, स्वच्छता मिशन और जल संरक्षण को लेकर उठा जा रहे कदमों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पानी बचाने की अपील का देश में व्यापक असर देखने को मिला है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीने के पानी के लिए राष्ट्रीय जल जीवन कोष बनाया गया है। मैं फिक्की फ्लो के सभी मैंबर्स से आग्रह करूंगा कि वो भी इस कोष में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि इस वेबिनार का हेंडिंग जलाश्य रक्षाम दिया है, पर मैं कहूंगा कि इसका नाम जलाश्य संरक्षणम् रखना चाहिए। शेखावत ने कहा कि फिक्की के सभी चैप्टर एक-एक गांव को गोद लेकर पानी बचाने की नवीन तकनीकों पर भी काम करें। इसका फायदा यह होगा कि आसपास के गांव में जागरुकता बढ़ेगी।