आत्मनिर्भर भारत और जल जागरण पर दिया बल
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति व युवा आवास प्रबंधन समिति की बैठक जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह व एडीएम शहर प्रथम रामचन्द्र की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि युवा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे आएं और सभी क्षेत्रों में बढ़-चढक़र योगदान दें। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और जल जागरण पर विशेष बल देने की बात भी कही। बैठक में नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक राजेश चौधरी ने बताया कि जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2019-20 का प्रगति प्रतिवेदन, वार्षिक कार्य योजना 2020-21 पर विशेष चर्चा की गई। इसी प्रकार केंद्र के कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए पंचायत समिति एवं उपखंड मुख्यालय का सहयोग, युवा आवास परिसर में नेहरू युवा केंद्र को भवन निर्माण के लिए जमीन आवंटन तथा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए राष्ट्रीय युवा विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र के लिए निशुल्क जमीन के आवंटन पर विस्तृत चर्चा की है। बैठक के दौरान वार्षिक प्रतिवेदन 2018-19 का वार्षिक प्रतिवेदन, वित्तीय वर्ष 2018-19 का अंकेक्षण प्रतिवेदन युवा आवास पर सामग्री क्रय करवाए जाने के लिए प्रस्ताव, नए भवन के निर्माण एवं युवा आवास को पूर्ण रूप से डिजिटलाइज करने व सौन्दर्य का प्रस्ताव आदि विषयों पर विशेष चर्चा की गई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी भी मौजूद रहे।