गांधी: एक अनंत विचार पर वेबिनार आयोजित
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो जयपुर द्वारा गांधी: एक अनंत विचार पर वेबिनार का आयोजन किया गया।
इस वेबिनार को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पत्र सूचना कार्यालय जयपुर की अपर महानिदेशक डॉ प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने गांधीजी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर बल देते हुए कहा कि सभी को अपने जीवन में गांधी के सिद्धांतों को अपनाना चाहिए, गांधीजी के सिद्धांत आज के समय में भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के समय में आत्मनिर्भर भारत योजना सरकार द्वारा लाई गई है, आत्मनिर्भर भारत योजना का मूल आधार भी गांधीजी के सिद्धांतों पर निर्भर है। उन्होंने गांधीजी के सादा जीवन उच्च विचार, सही मार्ग और शांति पर भी बल दिया। वेबिनार को संबोधित करते हुए प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो की निदेशक ऋतु शुक्ला ने कहा कि गांधीजी के सिद्धांत सभी के लिए प्रेरणादायक हैं, गांधीजी ने नैतिक जीवन पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, पर्यावरण, शांति के महत्वपूर्ण कार्यों को देश के साथ-साथ विदेशों में भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है। वेबिनार को संबोधित करते हुए राजस्थान विश्वविद्यालय के गांधी अध्ययन केंद्र के निदेशक डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि गांधीजी के सिद्धांतों को सम्पूर्ण विश्व में माना जाता है। गांधीजी ने सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन, आत्मनिर्भर, ग्राम स्वराज, प्राकृतिक, सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आज इतने वर्षों बाद भी गांधीजी के विचार सभी क्षेत्रों में स्थापित है और आज भी उनके भाव, विचार, कर्म से गांधीजी को याद किया जाता है। इस वेबिनार का संचालन क्षेत्रीय प्रचार सहायक सिरोही फूलचंद गहलोत ने किया। इस वेबिनार में जयपुर, जोधपुर, कोटा, सिरोही, उदयपुर, सवाईमाधोपुर, अजमेर के प्रतिभागियों ने भाग लिया।