जन-जन तक पहुंचेगा आत्मनिर्भर भारत अभियान

  • केंद्रीय मंत्री शेखावत ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, कहा- प्रदेश में पार्टी ने बनाई विशेष रणनीति

सेवा भारती समाचार

जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को प्रदेश में सफल बनाने के लिए आत्मनिर्भर भारत समूह राजस्थान के निर्माण पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया।  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल के रूप में आई आपदा को अवसर में परिवर्तित करने की दृष्टि से आत्मनिर्भर भारत के लिए समस्त देशवासियों का आह्वान किया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमने ग्लोबल उत्पादों के ऊपर लोकल उत्पादों को वरीयता देने की शपथ ली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार योजनाबद्ध तरीके से इस ओर कदम बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशानुसार गांव, कस्बे और शहर की स्थानीय उपज को बाज़ार तक पहुंचाने के लिए उद्योग समूह बनाए जा रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत वर्चुअल जन संवाद रैली के साथ पार्टी ने इस अभियान की जानकारी हर वर्ग और हर सेक्टर तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार की है। प्रबुद्धजन और गणमान्य नागरिकों से विचार-विमर्श के लिए 21 समूह बनाए हैं। समूहों में जोधपुर सहित प्रदेश के कुल 70 कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपा गया है।आत्मनिर्भर भारत समूह की मॉनिटरिंग केंद्रीय मंत्री शेखावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, प्रदेश संगठन मंत्री चन्द्रशेखर और प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच नियमित रूप से कर रहे हैं। जोधपुर से समूह में पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, रजसिको के पूर्व चेयरमैन मेघराज लोहिया, पूर्व विधायक जोगाराम पटेल, पूर्व जिलध्यक्ष घनश्याम डागा और भाजपा के संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया को शामिल किया गया है। हर समूह में अलग-अलग विषयों और वर्ग के लोगों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग होगी, जिसमें 400-500 लोगों के साथ होंगे और केंद्रीय स्तर के जनप्रतिनिधि या भाजपा पदाधिकारियों द्वारा संबोधित किया जाएगा। भगवान जगन्नाथ के श्रद्धालुओं की आस्था रंग लाई: केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जगन्नाथ रथयात्रा के संचालन को सुनिश्चित करने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रसन्नता जताई है। अपने ट्वीट में शेखावत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जगन्नाथ रथयात्रा के संचालन को सुनिश्चित करने का फैसला देकर मन को प्रसन्न कर दिया है। परिस्थितियों को देखते हुए वर्षों से चली आ रही जगन्नाथ रथयात्रा की परंपरा के निर्वहन को लेकर असमंजस बना हुआ था, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था रंग लाई। जगन्नाथ पुरी के राजा और शंकराचार्य के साथ ही सॉलिसिटर जनरल से परामर्श के बाद सुप्रीम कोर्ट के समक्ष यह विषय रखा गया। उन्होंने जगन्नाथ रथयात्रा की पवित्र परंपरा को बनाये रखने के लिए किए गए प्रयासों के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। शेखावत ने कहा कि इस फैसले ने सभी उडिय़ा भाई-बहनों सहित जगन्नाथ जी के समस्त भक्तों को हर्षित किया है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button