वी सोच विजेता ओपन वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026: क्वार्टर फाइनल में दिखा खिलाड़ियों का दमखम, सिसरवादा सुपर, कालका क्लब देवली, दुदौड़ वारियर्स और धर्मेंद्र सेहवाज सेमीफाइनल में पहुँचे

सियाट। स्थानीय वी सोच कॉलेज, सियाट के खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय ‘विजेता ओपन वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026’ के पहले दिन शुक्रवार, 16 अक्टूबर को रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और खेल के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सिसरवादा सुपर, कालका क्लब देवली (हुल्ला), दुदौड़ वारियर्स और धर्मेंद्र सेहवाज ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब शनिवार, 17 अक्टूबर को इन चार टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद दोनों विजेता टीमें खिताबी मुकाबले यानी मेगा फाइनल में विजेता ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी।

टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि क्रीड़ा भारती, मारवाड़ ब्लॉक के महासचिव दुर्गाराम, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी कुशाल चंद जैन तथा महाविद्यालय के निदेशक एवं अधिवक्ता हेरंब भारद्वाज ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने का भी सशक्त माध्यम हैं।

मैचों के दौरान खेल नियमों का पालन सुनिश्चित करने और निष्पक्ष निर्णय देने के लिए शारीरिक शिक्षक विक्रम सिंह (सावराड), मान सिंह, मदन लाल सुथार एवं अरविंद ने निर्णायक (रेफरी) की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली मैचों में पराजित टीमों के खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वर्षा तिवारी, मोहम्मद आसिफ, अशोक कुमार, राजेंद्र कुमार, इमरान, जितेंद्र गर्ग, उगम राज एवं अरविंद कुमार का विशेष योगदान रहा। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक विष्णु, प्रमोद, हनुमान, तरुण पुरी, योगेश, भरत, महेंद्र, सुमन देवासी, दीवान कँवर, गायत्री, निशा एवं नीरज ने मैदान की व्यवस्था, अनुशासन बनाए रखने और तकनीकी सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महाविद्यालय खेल प्रांगण में शनिवार, 17 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से सेमीफाइनल मुकाबले शुरू होंगे। इसके तुरंत बाद दोनों विजेता टीमों के बीच मेगा फाइनल खेला जाएगा। प्रतियोगिता के निर्णायक मुकाबलों को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button