दीपावली से पहले जोधपुर में सजेगा महिला उद्यमिता का बाजार, 31 अक्टूबर से ‘हुनर 6’ मेला
देशभर की महिला उद्यमियों के उत्पादों की लगेंगी स्टॉल, सांस्कृतिक संध्याएं भी होंगी आकर्षण का केंद्र

जोधपुर। दीपावली से पहले जोधपुर में महिला उद्यमिता, हस्तशिल्प और पारंपरिक कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मनस्वी क्लब की ओर से 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को कायस्थ सामुदायिक भवन, जोधपुर में दो दिवसीय ‘हुनर 6’ मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में देश के विभिन्न शहरों से कायस्थ समाज की महिला उद्यमी अपने उत्पादों की स्टॉल लेकर पहुंचेंगी।
मनस्वी क्लब की अध्यक्ष मुक्ता माथुर ने बताया कि ‘हुनर’ मेला घर से व्यवसाय संचालित करने वाली महिलाओं को मंच प्रदान करने और उन्हें सीधे ग्राहकों से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर अवसर मिलता है। साथ ही, उन्हें अपने व्यवसाय का विस्तार करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहन भी मिलता है।
वंदना एवं नीतू माथुर ने बताया कि मेले में गृहसज्जा सामग्री, हाथ से पेंट किए हुए दीये, बंदनवार, आकर्षक लाइटिंग, पेंटिंग्स, झालर, टेराकोटा ज्वेलरी, पारंपरिक वस्त्र, जूट बैग, पर्स, फुटवेयर, विभिन्न प्रकार के पकवान और अन्य हस्तशिल्प उत्पादों की स्टॉल लगाई जाएंगी। दीपावली की खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को यहां पारंपरिक कला, आधुनिक डिजाइन और उपयोगी उत्पादों की विविध श्रृंखला एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि मेले के दोनों दिन सांस्कृतिक संध्याओं का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, ‘हुनर 6’ केवल खरीदारी का मेला नहीं, बल्कि महिला उद्यमिता, स्वावलंबन, रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने का एक प्रयास है। इस आयोजन के माध्यम से महिला व्यवसायियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों को दीपावली के अवसर पर विशिष्ट हस्तनिर्मित एवं पारंपरिक उत्पाद खरीदने का अवसर भी प्राप्त होगा।