अमर शहीद कुंवर प्रताप सिंह बारहठ की स्मृति में 24 मई को गुजरात में होगा ‘शहीद वंदना कार्यक्रम’, देशभर से जुटेंगे प्रबुद्धजन
जाम खंभालिया (गुजरात)। स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी एवं राष्ट्रभक्त अमर शहीद कुंवर प्रताप सिंह बारहठ के सर्वोच्च बलिदान और राष्ट्रसेवा को नमन करने के उद्देश्य से आगामी 24 मई 2026 को भव्य ‘शहीद वंदना कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम देवभूमि द्वारका जिले के जाम खंभालिया स्थित स्वामी विवेकानंद टाउनहॉल में दोपहर 4 बजे से रात्रि 8:15 बजे तक आयोजित होगा।
यह आयोजन चारण गढवी इंटरनेशनल फाउंडेशन (CGIF) के ग्लोबल अध्यक्ष श्री अनोप सिंह लखावत के नेतृत्व में चारण गढवी इंटरनेशनल फाउंडेशन (CGIF) एवं चारण गढवी ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (CITO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में सचिव श्री कैलाश सिंह जाड़ावत की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अमर शहीद कुंवर प्रताप सिंह बारहठ के त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा को जन-जन तक पहुंचाना तथा बारहठ परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है। आयोजन में राजस्थान, गुजरात सहित देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं समाज के गणमान्य लोग शामिल होंगे।
कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्वलन एवं ईश वंदना के साथ शुभारंभ होगा। इसके बाद बारहठ परिवार के जीवन, संघर्ष और शौर्य पर आधारित विशेष लघु वृत्तचित्र तथा मंचीय प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही प्रबुद्ध वक्ताओं द्वारा वीर बारहठ वंश के योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके बलिदान पर विशेष व्याख्यान दिए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान समाज एवं राष्ट्रहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों का भी सम्मान किया जाएगा। विभिन्न श्रेणियों में ‘भारत की अस्मिता और चारण’, ‘भारत का स्वतंत्रता संग्राम और चारण’ तथा ‘आजादी के आंदोलन में बारहठ पीढ़ी का योगदान’ जैसे विषयों पर सम्मान प्रदान किए जाएंगे। वहीं अक्षयभाई गढवी (वीर मूंछ पूजक) को ‘धुवा मोरी युद्ध के साक्षी’ के रूप में विशेष पहचान दी जाएगी।
इस अवसर पर मंच पर अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहेंगी। इनमें प्रमुख रूप से श्री प्रभुदान जी गढवी (कार्यकारी अध्यक्ष), राजा भाई (मैनेजिंग डायरेक्टर), श्री ओमप्रकाश उज्ज्वल (अध्यक्ष, CGIF राजस्थान), श्री प्रतापदान देथा ‘मेहरू’ (अध्यक्ष, गुजरात जोन), डॉ. भारत गढवी, शैलेश गढवी और डॉ. अम्बादान रोहड़िया शामिल रहेंगे।
राजस्थान से भी बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गुजरात रवाना होंगे। इनमें कैप्टेन सिद्धार्थ चारण, देशराज सिंह अखावत, सरदार सिंह सांदू, महेंद्र सिंह खारी, हेतु सिंह चारण, लक्ष्मण सिंह लालस, महिपाल सिंह लखावत, जय सिंह लखावत, अमर सिंह बारहठ, खारिया सोढ़ा, श्रीमती शशि बाईसा, श्रीमती मिथिलेश चारण, श्रीमती जनक बाईसा और किरण रतनू सहित अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी शामिल रहेंगे।
इस भव्य आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल बना हुआ है।