घरेलू लाइन पर 11 हजार केवी लाइन टूटकर गिरी
25-30 घरों में दौड़ा करंट, धमाके के साथ उपकरण जले
जोधपुर/लोहावट। उपखंड क्षेत्र की रुपाणा-जैताणा ग्राम पंचायत के खेताणियों की ढाणी में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां 11 हजार केवी की विद्युत लाइन अचानक टूटकर घरेलू लाइन पर गिर गई, जिससे करीब 25 से 30 घरों में करंट फैल गया। एक बालक को करंट के झटके भी लगे।
अचानक हाई वोल्टेज आने से कई घरों में धमाके के साथ विद्युत उपकरण जल गए। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब साढ़े दस बजे खेताणियों की ढाणी से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन टूटी और सीधे घरेलू लाइन पर आ गिरी। इससे वोल्टेज एकदम बढ़ गया और घरों में करंट फैल गया। कई घरों में उपकरण धूं-धूं कर जलने लगे और धुआं उठने लगा।
इस दौरान एक बालक दरवाजे से टकरा गया, जिससे उसे झटके लगे। ग्रामीणों ने डिस्कॉम को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। बाद में डिस्कॉम टीम मौके पर पहुंची और लाइन दुरुस्त करने का काम शुरू किया। लाइन टूटने के बाद रुपाणा-जैताणा फीडर बंद हो गया। कई घरों में शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।