राजकीय विद्यालय मगरिया बेरा में बार-बार हो रही चोरियां, शिक्षकों और विद्यार्थियों में आक्रोश
तीन वर्षों में चार बार हुई चोरी, इस माह में दूसरी बार ताले तोड़कर रसोईघर से बर्तन चुराए
सोजत । सोजत के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, मगरिया बेरा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, बीते तीन वर्षों में चार बार और केवल अगस्त माह में ही दो बार चोरों ने विद्यालय को निशाना बनाया है।
प्रधानाध्यापक अशोक सोनी द्वारा थाना सोजत सिटी को सौंपे गए पत्र में बताया गया कि 5 अगस्त 2025 की मध्य रात्रि को स्कूल में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी रिपोर्ट संबंधित थाने में दी जा चुकी है। लेकिन 29 अगस्त 2025 की सुबह पुनः जब विद्यालय स्टाफ विद्यालय पहुंचा, तो रसोईघर के ताले टूटे हुए पाए गए और वहां से कई बर्तन चोरी हो चुके थे।
विद्यालय प्रशासन ने इस बढ़ती आपराधिक गतिविधि पर गहरी चिंता व्यक्त की है। प्रधानाध्यापक ने अपने पत्र में मांग की है कि इन चोरी की घटनाओं पर तुरंत प्रभाव से अंकुश लगाया जाए तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे विद्यालय की संपत्ति और वातावरण सुरक्षित रह सके।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि विद्यालयों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि छात्रों की शिक्षा निर्बाध रूप से चलती रहे और स्कूल की सम्पत्ति की रक्षा हो सके।