67वीं राज्यस्तरीय सॉफ्टबाल छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारम्भ
जोधपुर। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा व श्री बंशीधर पुरोहित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, विद्याषाला जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में 67वीं राज्यस्तरीय सॉफ्टबाल छात्र खेलकूद प्रतियोगिता संयुक्त निदेशक स्कूली शिक्षा जोधपुर संभाग प्रेमचन्द सांखला के मुख्य आतिथ्य, जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तर जिलाध्यक्ष सलीम खान की अध्यक्षता, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी व संयुक्त निदेशक स्कूली शिक्षा उदयपुर भल्लूराम खींचड़ के विशेष आतिथ्य व जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय इंसाफ खान जई, सीबीईओ जोधपुर शहर सज्जाद हुसैन, एडीईओ मोहम्मद रफीक खान, उपजिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद सुमित्रा पंवार के विशिष्ट आतिथ्य एवं बीकानेर से आये निर्णायकों व भामाशाहों के सहयोग से उदघाटन समारोह सूर्यनगरी के शाला क्रीड़ा संगम गौषाला में सांस्कृतिक व रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ आयोजित हुआ।
अन्तर्राष्ट्रीय सॉफ्टबाल कोच सैयद शाकिर अली ने बताया कि संयोजक-प्रधानाचार्य सुश्री शमीम ने आतिथ्यों के आगमन पर स्वागत उदबोधन के साथ प्रतियोगिता का परिचय प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि व संयुक्त निदेशक स्कूली शिक्षा जोधपुर संभाग प्रेमचन्द सांखला ने उदघाटन समारोह में अपने उदबोधन में कहा कि राजस्थान के सभी पुराने व नये 50 जिलों से खेलने आए आप सभी प्रतिभागी अपने साथ अपने शहर, गांव व स्कूल में जोधपुर सूर्यनगरी के बेहद यादगार लम्हों व यहां के स्वागत सत्कार की पराम्पराओं को अपने साथ संजोकर ले जाये। समारोह में जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तर जिलाध्यक्ष सलीम खान ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि आप सभी बच्चे एक परिवार की तरह एक साथ मिलजुलकर रहते हुए बगैर किसी को प्रतिस्पर्धा में एक-दूसरे को नीचे दिखाये बिना खेल को खेल की भावना से खेलते हुए आगे बढ़े। खेल में हार जीत एक सिक्के के दो पहलू है, विजेता टीम अपने अगले लक्ष्य की ओर व उपविजेता रहने वाली टीमें अपने खेल की कमियों में सुधार कर अगली बार अच्छा प्रदर्शन करे। प्रताप नगर विद्यालय की छात्राओं ने राजस्थानी गीतों पर शानदार नृत्य की प्रस्तुति पेश कर अतिथियों व स्टेडियम में मौजूद खिलाडियों व शारीरिक शिक्षकों, अभिभावकों को झूमने व उनकी वाह-वाही करने पर मजबूर कर दिया। उदघाटन सत्र के सफल संचालन में राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शारीरिक शिक्षक’शिक्षिकाओं ने सहयोग प्रदान किया। 67वीं राज्यस्तरीय सॉफ्टबॉल छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में पचास जिलों के लगभग एक हजार छः सौ से अधिक छात्र भाग लेकर कल से शाला क्रीडा संगम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समारोह में अतिथियों का आभार मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय इंसाफ खान जई ने व संचालन शारीरिक षिक्षक हापुराम चौधरी ने किया।