स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केन्द्र की ओर से दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम सम्पन्न
लोक कल्याण योजनाओं से जन-जन को लाभान्वित करने समर्पित प्रयासों का संकल्प व्यक्त
केन्द्र अध्यक्ष मुमताज मसीह ने किया आह्वान – चौतरफा विकास और उत्थान के लिए आगे आएं
जोधपुर। राजस्थान सरकार के स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केन्द्र के तत्वावधान में डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज में प्रशासन एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के संग आयोजित दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम मंगलवार को लोक कल्याण के लिए समर्पित सेवाओं में जुटने और सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ सम्पन्न हो गया। इसमें भागीदारी निभाने वाली संस्थाओं को केन्द्र की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केन्द्र राजस्थान के अध्यक्ष (राज्यमंत्री) श्री मुमताज मसीह ने प्रदेश सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की और इनका लाभ आम जन तक पहुंचाने और राजस्थान को बहुआयामी विकास के मामले में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में आगे आने का आह्वान किया।
श्री मसीह ने स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केन्द्र के उद्देश्यों, गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी देते हुए इनके क्रियान्वयन में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर केन्द्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मनीष गोयल ने केन्द्र के पोर्टल के महत्त्व, पंजीकरण की प्रक्रिया और केन्द्र की गतिविधियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी संभागियों से कहा कि वे संवाद कार्यक्रम में प्राप्त की गई जानकारी से समूचे संभाग के लोगों को अवगत कराएं और प्रेरित कर इनका लाभ दिलाने में आगे आएं।
संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं लघु फिल्मों के प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों, इनके क्रियान्वयन, विभिन्न चुनौतियां और इनका समाधान आदि बिन्दुओं पर जानकारी दी गई। इस दौरान् कृषि, देवस्थान, स्वायत्त शासन, वन एवं पर्यावरण, जिला उद्योग केन्द्र आदि विभागों, राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद आदि विभागों की जानकारी दी गई।
इन विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को लघु फिल्म और पीपीटी के माध्यम से अपने-अपने विभागों की जानकारी प्रदान की और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में समझाईश की तथा संभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में वीएसडीसी के राज्य स्तरीय सदस्य श्री सत्यनारायण मंगरोरा ने उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में आर्थिक एवं सांख्यिकी उप निदेशक श्री मोहनराम पंवार, वीएसडीसी के साधारण सभा सदस्य श्री पंकज दाधीच एवं वीएसडीसी सदस्य श्री घनश्याम गंगवाल आदि उपस्थित रहे।