विभिन्न विधाओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
ब्रजभाषा रचनाकार सम्मान समारोह
जयपुर। कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के अंतर्गत राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी के द्वारा मंगलवार को झालाना स्थित अकादमी संकुल परिसर में ब्रजभाषा रचनाकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्रजभाषा रचनाकार प्रतियोगिता 2023 के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर कला, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बी.डी कल्ला के सन्देश का वाचन किया गया। उन्होंने अपने सन्देश में ब्रज भाषा को सरल, तरल एवं उदार बताते हुए इसकी महिमा का वर्णन किया और अकादमी को प्रशंसनीय कार्यों के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री गोपाल कृष्ण ने कहा कि ब्रजभाषा श्री कृष्ण की भाषा है। उन्होंने ब्रजभाषा अकादमी को अपने उल्लेखनीय कार्यों के लिए बधाई देते हुए कहा कि हमे यदि हिंदुस्तान को आगे बढ़ाना है, तो अपनी भाषाओँ को आगे बढ़ाना होगा और संयुक्त रूप से इनके उत्थान के लिए कार्य करना होगा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राजस्थान राज्य मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री रमेश बोराणा ने ब्रजभाषा अकादमी को श्री कृष्ण से जोड़ते हुए कहा कि यह भाव और संवेदनाओं की भाषा है साथ ही उन्होंने सभी विजेता रचनाकारों को पुरस्कार के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में आलेख विधा में प्रथम स्थान पर डॉ.रामदास शर्मा, द्वितीय स्थान पर श्री निर्मल कुमार सिंहल एवं तृतीय स्थान पर श्री अश्विनी गोयल, समस्यापूर्ति विधा में प्रथम स्थान पर श्री अभिषेक, द्वितीय स्थान पर श्री कमल सिंह कमल एवं तृतीय स्थान पर श्री कल्याण गुर्जर को पुरस्कृत किया गया। वहीं लघुकथा कहानी विधा में प्रथम स्थान पर श्री जगदीश मोहन रावत, द्वितीय स्थान पर श्री रघुराज सिंह कर्मयोगी एवं तृतीय स्थान पर श्री गोपीनाथ, संस्मरण विधा में प्रथम स्थान पर श्री राजाराम भादू, द्वितीय स्थान पर श्री किशनवीर यादव एवं तृतीय स्थान पर अनन्या को पुरस्कृत किया गया। इसी तरह लोकधुन पर आधारित लोकगीत विधा में प्रथम स्थान पर श्री हरिशचन्द्र हरि, द्वितीय स्थान पर श्री शिवराम शिव एवं तृतीय स्थान पर श्री सर्वोत्तम त्रिवेदी को पुरस्कृत किया गया।
उल्लेखनीय है कि ब्रजभाषा की पांच साहित्य विधाओं के अंतर्गत 15 विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी विधाओं में प्रथम विजेता को 11000 द्वितीय को 7100 और तृतीय स्थान प्राप्त विजेता को 3100 रूपये की राशि से पुरस्कृत किया गया।
समारोह में ब्रजभाषा की त्रैमासिक पत्रिका “ब्रजशतदल”, श्रीमती प्रमिला गंगल का ब्रजभाषा बालकाव्य संग्रह “बरजसखा ” एवं ब्रजभाषा साहित्यकार श्री नरेंद्र निर्मल की परिचै पोथी का विमोचन भी किया गया।
सम्मान समारोह में राज्य की विभिन्न अकादमियों के अध्यक्ष सहित ब्रजभाषा के प्रमुख कवि एवं साहित्यकार भी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. शीताभ शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया।