स्टार्टअप्स व महिला उद्यमियों के लिए हुआ इन्वेस्टर कनेक्ट वर्कशॉप आयोजन
आईस्टार्ट और टाई- राजस्थान की पहल
जोधपुर। महिला और युवा स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग द्वारा संचालित आईस्टार्ट कार्यक्रम और टाई राजस्थान द्वारा संभाग स्तरीय स्टार्टअप वर्कशॉप का आयोजन शनिवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित आईस्टार्ट नेस्ट इन्क्यूबेशन सेंटर में किया गया।
वर्कशॉप में लगभग 50 स्टार्टअप्स और महिला उद्यमियों ने भाग लिया। चुनिंदा स्टार्टअप्स को अपने बिज़नेस आईडिया को पिच करने का भी अवसर मिला। इस अवसर पर बताया गया कि अपने स्टार्टअप के लिए सेंटरिंग और इन्वेस्टर्स कनेक्ट की चाह रखने वाले स्टार्टअप्स इसी प्रकार टाई राजस्थान द्वारा हर माह के दूसरे शनिवार को होने वाले ओपन माइक सेशन में भी भाग ले सकते हैं।
वर्कशॉप में टाई राजस्थान के चार्टर मेंबर व बिज़नेस एक्सपर्ट श्री विक्रम आहूजा ने प्रतिभागियों को अपने आईडिया को एक सफल बिजनेस में बदलने के मंत्र बताये। उन्होंने स्टार्टअप्स व महिला उद्यमियों को राज्य सरकार और टाई राजस्थान द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी और उन्हें इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
आहूजा ने इस दौरान अपनी स्टार्टअप यात्रा को भी साझा किया तथा युवा स्टार्टअप्स को आत्मविश्वास से अपने बिजनेस में आगे बढ़ने के लिए आह्वान किया।
इस अवसर पर इंटरेक्टिव सेशन के दौरान स्टार्टअप्स ने अपने बिज़नेस में आ रही कठिनाइयों के बारे में बताया जिस पर भी आहूजा ने अपने महत्त्वपूर्ण सुझाव दिए।
टाई वीमेन ग्लोबल पिच कम्पीटिशन में कराएं रजिस्ट्रेशन
इन्क्यूबेशन सेंटर के प्रभारी व उपनिदेशक श्री जे.पी. ज्याणी ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत राज्य सरकार तथा टाई राजस्थान द्वारा टाई वीमेन ग्लोबल पिच कम्पीटिशन 2023 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में राजस्थान की महिला उद्यमी और महिला स्टार्टअप 20 जुलाई तक निःशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं।
उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता को राज्य सरकार द्वारा नवंबर में सिंगापुर में होने वाली टाई वीमेन ग्लोबल पिच कॉम्पिटिशन में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा, जिसका संपूर्ण खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
कार्यक्रम की प्रतिभागी चयनित महिला उद्यमियों को विभाग द्वारा पालिसी की नीति अनुरूप ग्रांट फंडिंग और वर्क आर्डर प्रदान किये जाने की भी योजना है। कार्यक्रम में महिला स्टार्टअप
उद्यमी टाई राजस्थान के माध्यम से आवेदन कर पहले राज्य स्तरीय और फिर वैश्विक लाभ ले सकती हैं जिसमें ग्लोबल विजेताओं को टाई ग्लोबल द्वारा 50000 डॉलर तक प्रदान किये जाएंगे।
प्रोत्साहन के लिए संभागस्तर पर वर्कशॉप
राज्य के स्टार्टअप्स और महिला उद्यमियों को इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु संभागीय स्तर पर इन वर्कशॉप्स का आयोजन किया जा रहा है।