कलाकारों के खाते में पहुंची मुख्यमंत्री सहायता

जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कोरोना सें प्रभावित प्रदेश के आर्थिक दृष्टि से कमजोर व जरूरतमंद कलाकारों को एकमुश्त पांच- पांच हजार रुपए प्रति कलाकार सहायता राशि देने की घोषणा के तहत राजस्थान संगीत नाटक अकादमी द्वारा 47 कलाकारों के खातों में सहायता राशि ट्रांसफर कर दी। इसके साथ ही 26 कलाकारों को और सहायता राशि स्वीकृत की गई।
कलाकार कल्याण कोष समिति के चेयर पर्सन रमेश बोराणा व संभागीय आयुक्त एवं प्रशासक राजस्थान संगीत नाटक अकादमी डॉ राजेश यादव ने लोक कलाकार हयात मोहम्मद लंगा, ताज मोहम्मद,श्याम मिरासी, कोजू राम लंगा, अता मोहम्मद लंगा व फूसे खां को अकादमी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इस अवसर पर अकादमी सचिव एलएन बैरवा भी उपस्थित थे।
कलाकार कल्याण कोष समिति के चेयर पर्सन रमेश बोराणा ने बताया कि देश में कलाकारों की अपनी तरह की यह पहली योजना है जिसमें कोविड-19 से प्रभावित कलाकारों को सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की भावना के अनुसार प्रदेश के जरूरतमंद कलाकारों तक सहायता पहुंचाने के लिए निर्धारित प्रारूप में प्रदेश भर के कलाकारों से आवेदन मांगे गए हैं व प्रक्रिया को बहुत ही सरल रखा गया है। उन्होंने बताया कि किसी भी गांव, शहर का कलाकार पटवारी, सरपंच, पार्षद, विधायक, सांसद, अकादमी के पूर्व सदस्य एवं अवार्डी आदि से तस्दीक करवा कर आवेदन जिला कलेक्टर के माध्यम से या सीधे ही अकादमी कार्यालय भेज सकते हैं। बोराणा ने बताया कि राजस्थान संगीत नाटक अकादमी की वेबसाइट से भी फार्म डाउनलोड किया जा सकता है व अकादमी पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।
संभागीय आयुक्त व अकादमी प्रशासक डॉक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की यह योजना पूर्ण रूप से पारदर्शी है जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाना है।उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त कर जमीनी स्तर के कलाकारों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए आवेदन अकादमी को भिजवाए ताकि मुख्यमंत्री की भावना के अनुसार उन कलाकारों को सहायता मिल सके।उन्होंने बताया कि कोरोना से प्रभावित कमजोर व जरूरतमंद कलाकारों के लिए मुख्यमंत्री का यह प्रयास मानवीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है।उन्होंने बताया कि अकादमी द्वारा प्रथम सूची में 47 कलाकारों के खाते में सहायता राशि डाल दी गई है व 26 कलाकारों की सूची स्वीकृत कर दी गई है और उसमें भी राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। अकादमी सचिव एल एन बैरवा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गठित सहायता समिति प्रतिदिन आवेदनों की जांच कर आर्थिक सहायता की अभिशंसा अनुसार अकादमी त्वरित स्वीकृतियां जारी कर रही है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button