महिलाओं को स्वावलम्बी बनाएगा रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर पद्मिनी
जोधपुर। रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर पद्मिनी की वर्ष 2021-22 की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रेजिडेंसी रोड स्थित एक होटल में आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास एवं चेतना संस्थान की अध्यक्ष रूमादेवी ने समारोह को संबोधित करते हुए बताया कि कैसे एक सिलाई की मशीन से उन्होंने अपनी मेहनत व लगन से सफलता की इबारत लिखी। आज उनके साथ तीस हजार से अधिक महिलाएं कार्य करती है, आने वाले वर्ष में इसे एक लाख तक पहुंचाना है। उनका एक ही उद्देश्य है महिलाओं को रोजगार के मामले में आत्मनिर्भर बनाना।
समारोह में प्रांतपाल संजय मालवीय ने बोर्ड को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। पीडीजी अनिल बेनीवाल ने नए सदस्यों को शपथ दिलाई। वहीं पूर्व अध्यक्ष सरिता लोढ़ा व पूर्व सचिव शोभा मोदी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि क्लब ने 1.25 करोड की विंस परियोजना, कोविड के दौरान विभिन्न उपकरणों की आपूर्ति के अलावा जरूरतमंदों के लिए प्लास्टिक शेड सहित अन्य विकाय कार्यों में योगदान दिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष जिग्ना मेहता ने आगामी कार्य योजना के तहत पर्यावरण संरक्षण व पौधारोपण, रक्तदान, ग्लोबल ग्रांट, रोटरी की थीम सर्व टू चेंज लाइव्स के तहत सरकारी स्कूलों का जीर्णोद्धार, अस्पतालों में आईसीयू वार्ड, वॉटर कूलर्स लगाने, जन्मदिन दान, हर घर जल, हर घर नल, महिलाओं का स्वावलम्बी बनाने, महिला कैदियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने, दो नए रोट्रेक्ट क्लब की स्थापना के अलावा स्ट्रीट आर्ट प्रोजेक्ट, वर्कशॉप, फंड राइजिंग, फेलोशिप सहित विभिन्न प्रस्तावित कार्यो की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में कोलकाता से रोटरी क्लब इंटरनेशनल के अध्यक्ष शेखर मेहता वर्चुअल जुड़े रहे।
इस मौके असिस्टेंट गवर्नर राजश्री चौधरी ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि पद्मिनी परिवार के साथ मिलकर काम करने से एक नई ऊर्जा मिलती है। इसके राजश्री चौधरी ने घोषणा की कि वह मेजर डोनर भी होंगी। राजश्री चौधरी ने बताया कि सभी क्लब के सदस्य एक परिवार की तरह व एकजुट होकर कार्य करते है, यही क्लब की सबसे बड़ी ताक़त है। उन्होंने मैत्री व सेवा की भावना को एक मिसाल बनाकर कार्य करने की सीख दी। कार्यक्रम में फस्र्ट लेडी मनीषा, पीडीजी प्रियेश भंडारी, नयनिका गौड, बिन्दू भंडावत, दीपमाला, सुषमा, वैशाली, संदीपा संचेती, निकिता डागा, विधि व सरिता सहित क्लब के अनेक सदस्य व गणमान्य मौजूद थे। अंत में सचिव पूर्वा मून्दडा ने आभार जताया।