जिला कलक्टर आशीष मोदी ने ग्राम्यांचलों का किया दौरा
सरकारी संस्थाओं और ग्रामीण विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण
जैसलमेर। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने जिले के ग्राम्यांचलों को दौरा किया और विभिन्न राजकीय संस्थाओं, ग्रामीण विकास तथा वैक्सीनेशन गतिविधियों का फीडबेक लिया और कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए गाईडलाईन का पूरा-पूरा पालन करने के साथ ही इस बारे में जागरुकता संचार का आह्वान ग्रामीणों से किया।
धऊवा राउमावि का निरीक्षण
जिला कलक्टर ने धऊवा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं के बारे में पीईईओ खेताराम एवं स्टाफ से चर्चा की। जिला कलक्टर ने पुस्तकालय का निरीक्षण कर सुव्यवस्थित स्वरूप देते हुए बच्चों के लिए उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने विद्यालय में पड़ी निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का विद्यार्थियों में वितरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसकी अगली खेप आने की प्रतीक्षा न करें। मुख्य मार्ग से स्कूल तक महानरेगा में ग्रेवल सड़क निर्माण के लिए उन्होंने सरपंच हुकमसिंह एवं ग्राम विकास अधिकारी को प्रस्ताव लेकर भेजने के निर्देश दिए।
विद्यालय सौंदर्यीकरण पर जोर
जिला कलक्टर ने विद्यालय परिसर में अधिकाधिक पौधारोपण करने, किचन गार्डन विकसित करने, फलदार पौधे लगाने पर जोर देने, विद्यालय सौन्दर्यीकरण एवं विकास के लिए समन्वित कार्य करने आदि के निर्देश दिए। इस दौरान प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारीगण साथ थे।
विद्यालय को तत्काल जोड़ें नल पाईप लाईन से
जिला कलक्टर ने शनिवार को जिले के सिपला गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सुविधालयों, शैक्षिक एवं भौतिक संसाधनों, शिक्षण विधाओं आदि के बारे में जानकारी ली। इस दौरान विद्यालय स्टाफ ने पेयजल समस्या का जिक्र किया। इस पर जिला कलक्टर ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियन्ता जेराराम को निर्देश दिए कि विद्यालय को तत्काल जल सुविधा से जोड़ने के लिए कनेक्शन दिया जाए ताकि टैंकर से पानी मंगवाने की विवशता समाप्त हो सके।
जिला कलक्टर ने विद्यालय की शिक्षिकाओं से बालिकाओं की शिक्षा-दीक्षा, काउंसलिंग और सेनेटरी नेपकीन व्यवस्था के साथ ही बालिकाओं की प्रतिभाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बातचीत की। जिला कलक्टर ने स्कूल के पास की जलदाय विभाग की टंकी व इससे जल वितरण व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। अधिशासी अभियन्ता जेराराम ने इस बारे में जानकारी दी।
जामड़ा में सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण
जिला कलक्टर ने जामड़ा में सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया और इसकी पूरी-पूरी उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस शौचालय में जल व्यवस्था और सदृश्य स्थल पर नाम अंकित करने के निर्देश दिए।
दिए जरूरी निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आयन्दा जहां भी सामुदायिक शौचालय स्वीकृत हों, इन्हें किसी भी सरकारी भवन से सट कर नहीं बनाएं बल्कि पृथक से उपयुक्त स्थल पर बनाएं और इस पर बड़े अक्षरों में नाम भी अंकित कराएं, इनमें पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो, ताकि आम जन इनका उपयोग कर सके।