वायु प्रदूषण को कम करने की कवायद
जोधपुर। शहर के बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करने को लेकर नगर निगम उत्तर की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वायु गुणवत्ता सुधार हेतु करीब 31 करोड का बजट नगर निगम उत्तर को जारी किया गया है। इस बजट के तहत होने वाले कार्यो की साइट विजिट करने को लेकर महापौर उत्तर कुन्ती देवड़ा परिहार ने जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी एवं निगम अधिकारियों के साथ शहर भर का दौरा किया। महापौर ने सोजती गेट, जालोरी गेट, बॉम्बे मोटर चौराहा, आखलिया चौराहा, कायलाना चौराहा, टाउन हॉल, पावटा, महामंदिर, मंडोर, बालसमंद, कृषि मंडी, मगरा पूंजला और 80 फ़ीट रोड क्षेत्र का दौरा किया।
महापौर कुन्ती परिहार ने बताया कि शहर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। इसको लेकर कई कार्य किए जाने हैं। मुख्य रूप से आखलिया से कायलाना चौराहे तक, पावटा से मंडोर तक और भदवासिया आरओबी से माता का थान तक सडक़ के दोनों ओर बने कच्चे फुटपाथ और पार्किंग को पक्का करने का कार्य किया जाएगा, वहीं शहर के अलग-अलग स्थानों पर ग्रीन एरिया भी करने का प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 31 करोड रुपए की लागत से यह कार्य कराए जाएंगे। शहर की विजिट के दौरान वायु प्रदूषण को कम करने के लिए लगाई जाने वाली स्मोक गन को लगाने को लेकर साइट को चिन्हित करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान उप महापौर अब्दुल करीम जॉनी, अतिरिक्त आयुक्त बजरंग सिंह, मुख्य अभियंता डीके मीणा, पीएस तंवर, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं क्षेत्रीय पार्षद गण भी मौजूद थे।